Kanwar Yatra: हरिद्वार से सिरसा जा रही कांवड़ियों की गाड़ी कैथल में पलटी, सात घायल
कांवड़ लेकर सिरसा जा रहे थे, ढांड के पास पलटी गा
कैथल (सच कहूँ न्यूज)। Kaithal News: हरिद्वार से सिरसा जा रहे कांवड़ियों की गाड़ी ढांड के पास हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में सात कांवड़िए घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए कैथल के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इनमें दो कांवड़ियों को गंभीर चोटें आने की बात सामने आई है। घायल कांवड़ियों ने बताया कि वे 9 अगस्त को हरिद्वार से कांवड़ लेकर सिरसा के लिए रवाना हुए थे। उनके साथ करीब 16 लोग थे। कुरुक्षेत्र पार करने के बाद ढांड के पास पहुंचते ही उनकी गाड़ी अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई। कांवड़ियों के अनुसार हादसे में चार-पांच लोगों को चोटें आईं, जबकि दो को ज्यादा चोट लगी।
एक कांवड़िए के सिर में चोट बताई गई, जबकि दूसरे की आंख में चोट आई। हादसे के कारण को लेकर घायलों के अलग-अलग बयान सामने आए हैं। कुछ कांवड़ियों ने वाहन का टायर फटने की बात कही, जबकि कुछ ने आगे चल रहे वाहन की वजह से अचानक कट लगने के कारण गाड़ी के पलटने की बात बताई। ऐसे में हादसे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। सिविल अस्पताल के पीएमओ डॉ. दिनेश कंसल के अनुसार हादसे में घायल सभी लोगो की हालत फिलहाल स्थिर है और किसी को भी कोई बड़ी चोट नहीं है। घायलों के सिटी स्कैन समेत अन्य जरूरी टेस्ट करवाए जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद चोटों की स्थिति स्पष्ट होगी।