Taekwondo Competition: ताइक्वांडो में शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल की यशरीत ने जीता गोल्ड
जिला स्तरीय स्कूली खेलों में कबड्डी, खो-खो और ताइक्वांडो की शुरूआत, आज होंगे फाइनल मुकाबले
सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। Taekwondo Competition: शहीद भगत सिंह स्टेडियम में बुधवार से जिला स्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत कबड्डी, खो-खो और ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं का आगाज हुआ। पहले दिन अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की छात्राओं के मुकाबले कराए गए। दिनभर चले रोमांचक मुकाबलों में विभिन्न खंडों की टीमों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल की बाधा पार की। सभी वर्गों के फाइनल मुकाबले वीरवार को खेले जाएंगे।
प्रतियोगिता का शुभारंभ सहायक जिला शिक्षा अधिकारी (खेल) केवल कंबोज तथा सहायक जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (खेल) हरबंस सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि इन खेलों में विजेता खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। अब सभी की निगाहें वीरवार को होने वाले फाइनल मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां विजेता टीमें जिला स्तर का खिताब अपने नाम करने के लिए पूरी ताकत झोंकेंगी।
कबड्डी में रानियां, डबवाली और नाथूसरी चौपटा की मजबूत दावेदारी
कबड्डी के अंडर-14 वर्ग में पहले सेमीफाइनल में रानियां ने नाथूसरी चौपटा को हराकर फाइनल में स्थान बनाया। दूसरे सेमीफाइनल में डबवाली ने ओढ़ां को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह पक्की की। इस वर्ग का फाइनल रानियां और डबवाली के बीच होगा। अंडर-17 वर्ग के पहले सेमीफाइनल में डबवाली ने ओढ़ां को हराया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में नाथूसरी चौपटा ने ऐलनाबाद को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। अब दोनों टीमें वीरवार को खिताब के लिए भिड़ेंगी। अंडर-19 वर्ग के पहले सेमीफाइनल में रानियां ने नाथूसरी चौपटा को हराकर फाइनल का टिकट कटाया। दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से उसका मुकाबला होगा।
खो-खो में सरसा, ऐलनाबाद, रानियां और नाथूसरी चौपटा का दबदबा
खो-खो के अंडर-14 वर्ग के पहले सेमीफाइनल में सरसा ने रानियां को हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में ऐलनाबाद ने बड़ागुढ़ां को पराजित कर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। अब वीरवार को सरसा और ऐलनाबाद के बीच फाइनल खेला जाएगा। अंडर-17 वर्ग के पहले सेमीफाइनल में रानियां ने ओढ़ां को हराया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में ऐलनाबाद ने बड़ागुढ़ां को शिकस्त देकर फाइनल का टिकट हासिल किया। इस वर्ग का फाइनल रानियां और ऐलनाबाद के बीच होगा। अंडर-19 वर्ग के पहले सेमीफाइनल में नाथूसरी चौपटा ने डबवाली को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से उसका मुकाबला होगा।
खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में फुटबॉल कोच नवजीत, खो-खो कन्वीनर सुखविंद्र सिंह, कबड्डी कन्वीनर राजेंद्र, ताइक्वांडो कन्वीनर मुनिंद्र सिंह, चरणजीत सिंह पीटीआई, हरपाल सिंह, कोच अनिल, कशिश, गौरव सहित अन्य प्रशिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
खिलाड़ियों ने दिखाया दम
ताइक्वांडो प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-14 वर्ग के माइनस 24 किलोग्राम भार वर्ग में सतलुज स्कूल की दृष्टि जैन ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 24 से 26 किलोग्राम भार वर्ग में सेंट जोसेफ स्कूल की गीता अरोड़ा ने पहला स्थान हासिल किया। अंडर-17 वर्ग के 63 से 68 किलोग्राम भार वर्ग में डीपीएस की अनायत तथा शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल सरसा की यशरीत ने स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया।