नाकाबंदी तोड़ पुलिसकर्मी पर चढ़ाई कार, पीछा कर दबोचे दो तस्कर; 12.13 ग्राम हेरोइन बरामद

सरकारी वाहन को टक्कर मारकर भागने का किया था प्रयास; होंडा सिटी कार जब्त

Published On

फतेहाबाद (सच कहूँ न्यूज)। Fatehabad News: जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत सीआईए फतेहाबाद ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 12.13 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई है, जबकि वारदात में प्रयुक्त होंडा सिटी कार भी जब्त कर ली गई। आरोपियों पर नाकाबंदी के दौरान पुलिसकर्मी पर कार चढ़ाने का प्रयास करने और सरकारी पुलिस वाहन को टक्कर मारकर फरार होने का भी आरोप है।

सीआईए प्रभारी निरीक्षक कुलदीप ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरुनानकपुरा निवासी बबलू और वर्तमान में फतेहाबाद के खेमा खाती चौक निवासी सुल्तान उर्फ मुकेश मेंटल के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों होंडा सिटी कार में आ रहे हैं, जिसके बाद गांव माजरा के पास नाकाबंदी की गई। पुलिस के अनुसार, रुकने का इशारा करने पर चालक ने कार तेज गति से पुलिसकर्मी की ओर मोड़ दी। पुलिसकर्मी ने पीछे हटकर अपनी जान बचाई, जबकि आरोपी सरकारी वाहन को टक्कर मारते हुए भाग निकले। पुलिस टीम ने पीछा कर गांव माजरा बस अड्डे के निकट दोनों को दबोच लिया।

तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड से 12.13 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में थाना सदर फतेहाबाद में एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर मामले की आगे जांच की जाएगी।

Fatehabad News

About The Author

Related Posts