42वें विशाल कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ, संगीत सोम ने किया उद्घाटन; अखिलेश यादव व कांग्रेस पर साधा निशाना

शेरनगर में 42वें विशाल कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ

Published On

मुजफ्फरनगर (सच कहूँ/अनु सैनी)। Muzaffarnagar News: शेरनगर स्थित 42वें विशाल कांवड़ सेवा शिविर का बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं हवन-पूजन के साथ शुभारंभ हुआ। शिविर का उद्घाटन पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता संगीत सोम ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कांवड़ यात्रा को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कई राजनीतिक बयान दिए। कार्यक्रम का संचालन अरुण मित्तल ने किया।

अपने संबोधन में संगीत सोम ने कहा कि "यह शिव यात्रा है, शव यात्रा नहीं।" उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग सुनियोजित तरीके से सनातन संस्कृति और कांवड़ यात्रा को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना था कि विदेशों में बैठे भारत विरोधी तत्व भी ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं और यह जांच का विषय है कि कहीं कुछ लोग कांवड़ियों के वेश में माहौल खराब करने की कोशिश तो नहीं कर रहे।

उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर कांवड़ियों के भेष में अशोभनीय एवं नग्न प्रदर्शन किए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि "कहीं यह समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की चाल तो नहीं है, कहीं अखिलेश यादव के चेले-चपाटे कांवड़ यात्रा में घुसकर माहौल खराब करने का प्रयास तो नहीं कर रहे। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।"

संगीत सोम ने पूरे विश्व के सनातन समाज से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि "हम न कटेंगे, न बटेंगे और न छटेंगे।" वहीं मुजफ्फरनगर के शिव चौक से बड़ी कांवड़ियों को रोके जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अब सभी शिवभक्त अपनी बड़ी कांवड़ लेकर शिव चौक से गुजरेंगे और किसी भी श्रद्धालु के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

इन प्रमुख अतिथियों की रही मौजूदगी

उद्घाटन समारोह में सांसद हरेंद्र मलिक, विधान परिषद सदस्य वंदना वर्मा, पूर्व मंत्री कृष्ण गोपाल मित्तल, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष रमनाथ सिंह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राकेश शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, अंकुर डंग, अनिल सिंह पुंडीर, सतपाल सिंह मान, चंद्रप्रकाश शर्मा, विकास पंवार, शलभ गुप्ता, आलोक स्वरूप, संजय मिश्रा, बलविंद्र सिंह, राकेश त्यागी, अमित वशिष्ठ शास्त्री, सुनील त्यागी, दीपक सोम, गौरव स्वरूप, विशाल जैन, पवन वर्मा, तरुण मित्तल और इमरान सिंह गुर्जर सहित विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

विनोद शर्मा व विजय प्रताप सिंह ने संभाली व्यवस्था

शिविर के संचालक समाजसेवी श्री विनोद शर्मा एवं विजय प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। विनोद शर्मा ने बताया कि यह शिविर पिछले 42 वर्षों से निरंतर शिवभक्तों की सेवा के उद्देश्य से लगाया जा रहा है। वहीं विजय प्रताप सिंह ने कहा कि सेवा ही शिव की सच्ची आराधना है और शिविर के माध्यम से हर वर्ष हजारों कांवड़ यात्रियों को निःस्वार्थ सेवा उपलब्ध कराई जाती है।

11 अगस्त तक चलेगा सेवा शिविर

शेरनगर स्थित यह 42वां विशाल कांवड़ सेवा शिविर 5 अगस्त से 11 अगस्त 2026 तक संचालित होगा। शिविर में कांवड़ यात्रियों के लिए निःशुल्क शीतल जल, भोजन, चिकित्सा सेवा, विश्राम एवं ठहरने की उत्तम व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही हरित कांवड़, स्वच्छ कांवड़, सुरक्षित कांवड़ और भव्य कांवड़ का संदेश भी दिया जा रहा है। शिविर के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सेवा भावना को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया है।

Muzaffarnagar News

About The Author

Related Posts