यमुनानगर की बेटी नेहा ने एमएससी. (कृषि) में कुलपति स्वर्ण पदक जीतकर जिले व क्षेत्र का नाम किया रोशन
दड़वा गांव की बेटी नेहा को मिला कुलपति स्वर्ण पदक
प्रताप नगर (सच कहूँ/राजेंद्र कुमार)। Pratap Nagar News: यमुनानगर जिले के दड़वा गांव की होनहार बेटी नेहा, पुत्री राज कुमार एवं पौत्री स्वर्गीय कृष्ण लाल, ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और लगन से शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर यमुनानगर जिले, प्रताप नगर क्षेत्र तथा अपने गांव दड़वा का नाम रोशन किया है। नेहा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गुर्जर कन्या विद्या मंदिर से प्राप्त की।
इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ (उत्तर प्रदेश) से एम.एससी. (कृषि) – प्लांट पैथोलॉजी में अध्ययन किया। वर्ष 2026 की परीक्षा में अपने विषय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर उन्हें विश्वविद्यालय के 38वें दीक्षांत समारोह, जो 22 जुलाई 2026 को आयोजित हुआ, में विश्वविद्यालय के सर्वोच्च शैक्षणिक सम्मानों से सम्मानित किया गया।
दीक्षांत समारोह में नेहा को कुलपति स्वर्ण पदक, कुलपति प्रमाण-पत्र तथा विशिष्ट योग्यता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। यह सम्मान किसी भी विद्यार्थी के लिए अत्यंत गौरव की बात माना जाता है और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन का प्रतीक है।
नेहा की इस शानदार उपलब्धि से दड़वा गांव, प्रताप नगर क्षेत्र तथा यमुनानगर जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। ग्रामीणों, शिक्षकों, समाज के गणमान्य व्यक्तियों तथा शुभचिंतकों ने नेहा और उनके परिवार को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह सफलता क्षेत्र की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। यह उपलब्धि बताती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत निरंतर की जाए, तो ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
नेहा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है और मेहनत, अनुशासन तथा आत्मविश्वास के बल पर हर सपना साकार किया जा सकता है।
