प्रसव के बाद दो महिलाओं की मौत, जांच शुरू

जिले के करोड़ा और किठाना स्वास्थ्य केंद्र में हुई थी दोनों की डिलीवरी

Published On

कैथल (सच कहूँ/कुलदीप नैन)। जिले में प्रसव के बाद दो महिलाओं की मौत का मामला सामने आया है। दोनों की डिलीवरी गांव करोड़ा और किठाना स्थित स्वास्थ्य केंद्रों में हुई थी। प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने पर हालत बिगड़ने के बाद उन्हें जिला नागरिक अस्पताल रेफर किया गया। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद एक महिला की रविवार दोपहर और दूसरी की देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों की यह दूसरी डिलीवरी थी।

महिलाओं की मौत से दोनों परिवारों में मातम छा गया। परिजन पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव अपने साथ ले गए। घटना के बाद सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में प्रसव के दौरान उपलब्ध सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कमेटी गठित की है। कमेटी यह देखेगी कि प्रसव के दौरान महिलाओं को किस स्तर का उपचार मिला, रेफर करने में कितना समय लगा और इलाज में कहीं कोई कमी तो नहीं रही।

अस्पताल के स्टाफ से भी होगी पूछताछ

सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला ने बताया कि दोनों महिलाओं की हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला नागरिक अस्पताल भेजा गया था। चिकित्सकों ने बचाने के हरसंभव प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। उन्होंने बताया कि जांच में संबंधित पीएचसी-सीएचसी स्टाफ, आशा वर्कर और परिजनों को शामिल किया जाएगा। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। लापरवाही सामने आने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Kaithal News (2)

About The Author

Related Posts