100 साल पुरानी जर्जर हवेली भरभराकर गिरी, हादसे में टला बड़ा नुकसान

रास्ते के पास गिरा मलबा, बिजली का पोल भी हुआ क्षतिग्रस्त

Published On

नारनौल (सच कहूँ न्यूज)। Narnaul News: जिले के गांव छिलरो में शनिवार सुबह करीब 100 साल पुरानी जर्जर हवेली का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हवेली का मलबा रास्ते के पास खड़े बिजली के पोल से जा टकराया, जिससे पोल क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय रास्ते से कोई व्यक्ति नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हवेली का हिस्सा गिरने की सूचना मिलते ही ग्राम सरपंच विक्रम पहलवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने मजदूरों की मदद से रास्ते में पड़ा मलबा हटवाकर दूसरी जगह डलवाया, जिसके बाद आवागमन सुचारु हो सका। 

60 हिस्सेदार, अधिकांश गांव से बाहर बसे

सरपंच ने बताया कि जिस हवेली का हिस्सा गिरा है, उसमें करीब 60 लोगों की हिस्सेदारी है। अधिकांश हिस्सेदार गांव में नए मकान बनाकर रह रहे हैं, जबकि कुछ परिवार शहरों में बस चुके हैं। गांव में ऐसी कई पुरानी हवेलियां हैं, जिनमें वर्षों से कोई नहीं रहता। कुछ हवेलियों में केवल एक-दो परिवार ही रह रहे हैं। हादसे के बाद ग्राम चौकीदार के माध्यम से गांव में मुनादी करवाई गई।

जर्जर हवेलियों के मालिकों और हिस्सेदारों से समय रहते मरम्मत कराने या भवन को सुरक्षित तरीके से गिराने की अपील की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में जर्जर भवन से जान-माल का नुकसान होने पर संबंधित हिस्सेदार जिम्मेदार होंगे। बिजली विभाग के एसडीओ अमित ने बताया कि मलबा गिरने से एक बिजली पोल क्षतिग्रस्त हुआ है, जिसे जल्द बदलवाया जाएगा।

Narnaul News

About The Author

Related Posts