Snake Bite News: खेत पर गए जगनपुर के किसान की सर्पदंश से मौत, कोहराम
जगनपुर के किसान को सांप ने डसा, मौत से परिवार में मचा कोहराम
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। रात्रि के समय खेत पर गए जगनपुर के किसान की सर्पदंश से मौत हो गई। किसान की मौत से परिजनों में हाहाकार मचा है। क्षेत्र के जगनपुर निवासी रविन्द्र का खेत गांव के बाहर स्थित है। विगत शुक्रवार रात्रि करीब नौ बजे वह अपने खेत पर स्थित ट्यूबवेल पर गया था। इसी दौरान विद्युत पोल के निकट बल्ब जलाते समय उसे सांप ने काट लिया। इसके बाद, किसान हड़बड़ाहट में घर पर पहुंचा और परिजनों को मामले की सूचना दी। सर्पदंश की जानकारी होने पर परिजनों में हड़कंप मच गया।
वह रात्रि में ही किसान को गांव के एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। जहां पर प्राथमिक उपचार के पश्चात चिकित्सक ने किसान को शामली ले जाने को कहा। थोड़ी देर में ही किसान की हालत बिगड़ती चली गई। इसके बाद, परिजन किसान को लेकर शामली स्थित एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां पर चिकित्सक ने किसान को मृत घोषित कर दिया। मृतक किसान दो बच्चों का पिता बताया गया है, जिसमें एक पुत्र व पुत्री शामिल है। किसान की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
