बंतो कटारिया बनीं हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की अध्यक्ष
रेनू डाबला को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी, राज्यपाल की मंजूरी दी
अंबाला (सच कहूँ न्यूज)। Ambala News: हरियाणा सरकार ने राज्य अनुसूचित जाति आयोग में नई नियुक्तियां की हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अंबाला के पूर्व सांसद स्व. रतनलाल कटारिया की पत्नी बंतो कटारिया को आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, रोहतक की पूर्व मेयर रेनू डाबला को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दोनों नियुक्तियों को राज्यपाल की मंजूरी मिल चुकी है और सरकार ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। बंतो कटारिया ने 2024 में भाजपा के टिकट पर अंबाला लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि, वह कांग्रेस प्रत्याशी वरुण चौधरी से हार गई थीं। चुनाव के बाद भी वह अंबाला क्षेत्र में सक्रिय रहीं और सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों में भाग लेती रही हैं।
रेनू डाबला ने 2013 में कांग्रेस के टिकट पर पार्षद का चुनाव जीतकर राजनीति में कदम रखा था। इसके बाद वह रोहतक की मेयर बनीं। 2018 में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। पार्टी में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालने के बाद वह प्रदेश सचिव के पद पर कार्यरत थीं। नई नियुक्तियों के बाद बंतो कटारिया और रेनू डाबला अनुसूचित जाति समुदाय से जुड़े मुद्दों को आयोग के माध्यम से उठाएंगी। संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर शिकायतों और समस्याओं के समाधान की दिशा में काम करना उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल होगा।
