Fraud: टोहाना की महिला से कबाड़ कारोबार में मुनाफे का लालच देकर ठगे 70 लाख

मामले में साइबर क्राइम थाना फतेहाबाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया

Published On

फतेहाबाद, (सच कहूँ न्यूज)। जिले के शहर टोहाना की एक महिला से कबाड़ के कारोबार में निवेश पर दोगुने-तिगुने मुनाफे का झांसा देकर करीब 70 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर क्राइम थाना फतेहाबाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए युवक की पहचान बटाला रोड, अमृतसर निवासी निर्मल सिंह के रूप में हुई है। साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल देव ने बताया कि प्रेम नगर, टोहाना की मीता गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी।

कुछ परिचितों ने उसे कबाड़ बिजनेस में पैसे लगाने और कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। ठगों ने शुरूआत में छोटी रकम पर मुनाफा लौटाकर भरोसा जीता। इसके बाद बड़े निवेश के लिए उकसाया। पीड़िता ने सोने-चांदी के आभूषण, प्लॉट गिरवी रखे और रिश्तेदारों से ब्याज पर पैसे लेकर ठगों को दिए। आॅनलाइन ट्रांसफर, बैंक खातों और नकद के जरिए कुल 70 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। जब पीड़िता ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने बहानेबाजी कर ठिकाने बदलकर फरार हो गए। आर्थिक अपराध शाखा की जांच के आधार पर मामला दर्ज हुआ। पुलिस ठगी गई रकम, बैंक खातों और अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए जांच जारी रखे हुए है।

About The Author

Related Posts