Hanumangarh News: पहले छिपाई पहली शादी, फिर दो बच्चों के बाद लाखों के जेवर-नकदी लेकर फरार

पति ने सदर थाने में चार जनों के खिलाफ दर्ज करवाई एफआईआर दर्ज

Published On

हनुमानगढ़। विवाह में कथित धोखाधड़ी, चोरी और बिना तलाक दूसरी शादी करने का मामला सामने आया है। चक 28 एलएलडब्ल्यू (बनवाला) निवासी पवन कुमार (33) पुत्र रामप्रताप भाट की रिपोर्ट पर सदर थाना पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News

पुलिस के अनुसार, पवन कुमार ने रिपोर्ट में बताया कि करीब छह वर्ष पूर्व उसके पिता ने उसकी शादी के लिए जगदीश पुत्र लेखराम भाट निवासी कालिया से संपर्क किया। इस दौरान बिचौलिए पटवारी (8 चक जंडावाली) के माध्यम से उसकी शादी जगदीश की पुत्री सोनू से करवा दी गई। शादी के बाद दोनों पति-पत्नी के रूप में साथ रहने लगे और उनके दो बच्चे भी हुए। बाद में उसे पता चला कि सोनू की पहले रामेश्वरलाल उर्फ राजू निवासी लखूवाली के साथ शादी हो चुकी थी। पहले पति से विधिवत तलाक लिए बिना ही उसकी शादी पवन से कर दी गई, जिससे उसके साथ धोखाधड़ी हुई।

एफआईआर के अनुसार, करीब एक माह पहले जब पवन घर पर नहीं था, तब सोनू घर में अकेली थी। आरोप है कि उसने उसकी मां की अलमारी से सोने के पांच तबीती, कानों के झुमके, टीका, करीब 40 तोला वजन की चांदी की दो जोड़ी पाजेब तथा भैंस बेचकर रखे 80 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए और दोनों बच्चों के साथ घर से चली गई।

पवन ने रिपोर्ट में बताया कि घर लौटने पर सोनू और बच्चे नहीं मिले। पूछताछ करने पर उसके ताऊ ओमप्रकाश पुत्र शेराराम ने बताया कि जगदीश, उसका पुत्र सुनील और पत्नी राजू देवी घर आए थे और सोनू को अपने साथ ले गए। बाद में सामान की जांच करने पर जेवर और नकदी भी गायब मिले। Hanumangarh News

मामले को लेकर पंचायत भी हुई, जिसमें आरोपियों ने कथित रूप से सोने-चांदी के आभूषण और 80 हजार रुपए ले जाने की बात स्वीकार की, लेकिन उन्हें वापस देने से इनकार कर दिया। प्रार्थी ने आरोप लगाया कि उसके साथ वैवाहिक संबंध समाप्त किए बिना ही सोनू की दूसरी शादी राजपाल पुत्र बनवारीलाल भाट निवासी रामपुरा फूल (बठिंडा) के साथ करवा दी गई।

पवन कुमार ने आरोप लगाया है कि जगदीश, सुनील, राजू देवी और सोनू ने एक गिरोह बना रखा है, जो कथित रूप से शादी का झांसा देकर लोगों से रुपए और आभूषण हड़पने का काम करता है। सदर थाना पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल विष्णु को सौंपी गई है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts