Fraud Case: 10 लाख रुपए लेकर लौटाने से किया इनकार, धोखाधड़ी का मामला दर्ज

आईडीबीआई बैंक कर्मचारी की शिकायत पर कार्रवाई

Published On

Fraud Case: हनुमानगढ़। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हनुमानगढ़ के आदेश पर जंक्शन थाना पुलिस ने 10 लाख रुपए की कथित धोखाधड़ी के मामले में जैसलमेर निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मनोज मीणा (42) पुत्र भंवरलाल मीणा, निवासी मकान नंबर 388, सेक्टर 9/एल, वार्ड-49, गांधीनगर, जंक्शन की ओर से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में इस्तगासा पेश किया गया था। Hanumangarh News

न्यायालय के आदेश पर जंक्शन थाना पुलिस ने पुरखाराम पुत्र पोकरराम भील, निवासी ग्राम बासनपीर दक्षिण, पोस्ट बड़ौड़ा गांव, तहसील एवं जिला जैसलमेर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस्तगासा में मनोज मीणा ने बताया कि वह आईडीबीआई बैंक में कार्यरत है तथा जैसलमेर स्थित कृषि भूमि और सोलर सिस्टम से भी आय अर्जित करता है। आरोपी पुरखाराम से उसकी पुरानी पहचान थी और उसका घर पर आना-जाना भी था। 2 नवंबर 2024 को आरोपी ने पारिवारिक आवश्यकता बताकर आर्थिक मदद की बात कही।

7 दिसंबर 2024 को आरोपी ने 10 लाख रुपए की तत्काल आवश्यकता बताई। जब परिवादी ने बैंक खाते में राशि ट्रांसफर करने की बात कही तो आरोपी ने नकद रुपए देने का आग्रह किया। इसके बाद परिवादी ने अपने पिता और भाई की मौजूदगी में आरोपी को 10 लाख रुपए नकद दे दिए। आरोपी ने छह माह के भीतर पूरी राशि लौटाने का भरोसा दिया था।

साथ ही कहा था कि यदि वह रकम वापस नहीं कर पाया तो अपनी चक 8 एलएमबी स्थित कृषि भूमि दे देगा। लेकिन तय समय बीतने के बाद भी आरोपी ने रुपए नहीं लौटाए। परिवादी ने कई बार फोन और व्यक्तिगत रूप से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी हर बार टालमटोल करता रहा। वह कभी जैसलमेर बुलाकर स्वयं गायब हो जाता तो कभी फोन तक नहीं उठाता। मामले को लेकर पंचायत भी हुई, जिसमें रवि तंवर पुत्र सुरेश तंवर तथा लविश कुमार पुत्र रामस्वरूप सहित अन्य लोग मौजूद थे।

पंचायत के दौरान आरोपी ने कथित रूप से रुपए लौटाने से साफ इनकार कर दिया। इस्तगासा में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी लोगों को जमीन का लालच और आकस्मिक आर्थिक आवश्यकता का हवाला देकर रुपए लेता है तथा वित्तीय धोखाधड़ी करने के लिए गिरोह के रूप में कार्य करता है। न्यायालय के आदेश के बाद जंक्शन थाना पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच एएसआई हंसराज को सौंपी है।

About The Author

Related Posts