Udham Singh Shaheedi Diwas: युवाओं को दिया एकता और संघर्ष का संदेश
एथेनॉल फैक्ट्री हटाओ संघर्ष समिति की श्रद्धांजलि सभा में सर्वसमाज की भागीदारी
हनुमानगढ़, (सच कहूँ) शहीद उधम सिंह के शहीदी दिवस पर शुक्रवार को टाउन स्थित शहीद उधम सिंह चौक में एथेनॉल फैक्ट्री हटाओ क्षेत्र बचाओ संघर्ष समिति, टिब्बी के बैनर तले सर्वसमाज की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों के साथ जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर, आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष मक्कासर तथा बड़ी संख्या में किसान, मजदूर, व्यापारी और गणमान्य नागरिकों ने पुष्पांजलि अर्पित कर महान क्रांतिकारी शहीद उधम सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
संघर्ष समिति के महंगा सिंह सिद्धू ने कहा कि टिब्बी क्षेत्र में प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में चले आंदोलन के दौरान शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेकर संघर्ष किया गया। उन्होंने कहा कि शहीद उधम सिंह ने अपने जीवन से यह संदेश दिया कि जाति, धर्म और राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रहित सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने याद दिलाया कि न्यायालय में सुनवाई के दौरान उधम सिंह ने अपना नाम राम मोहम्मद आजाद सिंह बताया था, जो देश की सांप्रदायिक एकता और भाईचारे का प्रतीक है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि आज भी समाज को जाति-पाति से ऊपर उठकर देश और समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने की आवश्यकता है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि टिब्बी में एथेनॉल फैक्ट्री के खिलाफ लड़ी गई लड़ाई सर्वसमाज की एकजुटता का परिणाम थी। किसानों, मजदूरों और आमजन के सामूहिक प्रयासों से ही फैक्ट्री की स्थापना रुक सकी। उन्होंने कहा कि जब-जब अन्याय और जुल्म बढ़ा है, तब-तब शहीद उधम सिंह जैसे महान योद्धाओं ने समाज को नई दिशा दी है।
उन्होंने लोगों से शहीदों के विचारों को आत्मसात करते हुए किसान, मजदूर और व्यापारी वर्ग के अधिकारों की लड़ाई में एकजुट रहने का आह्वान किया। श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने शहीद उधम सिंह के बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शांे पर चलने तथा सामाजिक एकता, भाईचारे और जनहित के संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया।