शिक्षा और रोजगार
Sanitation Workers' Strike: सरकार की टाल-मटोल से नाराज सफाई कर्मचारियों ने तीन दिन की हड़ताल शुरू की
13 मई के समझौते को लागू करने की है मांग
गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज)। भारी बरसात और खराब मौसम के बीच नगर निगम गुरुग्राम के सफाई कर्मियों, सीवर कर्मचारियों और फायरमैन-ड्राइवरों ने गुरुवार से तीन दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार 13 मई को हुए समझौते को लागू करने में टाल-मटोल कर रही है।नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर गुरुवार को पुराने नगर निगम कार्यालय में इकाई प्रधान बसन्त कुमार की अध्यक्षता में धरना-प्रदर्शन हुआ। संचालन इकाई सचिव धर्मेंद्र जिंघला ने किया। प्रधान बसन्त कुमार, पूर्व जिला प्रधान राजेश कुमार, वरिष्ठ उप प्रधान सम्मी बोहत और उप प्रधान ज्ञान चंद ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के साथ विश्वासघात कर रही है। बसन्त कुमार ने बताया कि 13 मई के समझौते में सरकार ने 17 मांगों पर सहमति दी थी।
इसमें सफाई कर्मियों, सीवर कर्मचारियों, माली, बेलदार, इलेक्ट्रिशियन, हेल्पर, क्लर्क व फायर विभाग के ड्राइवर-फायरमैन को 30 जून तक पक्का करना, सफाई एवं सीवर कार्य का ठेका समाप्त कर ठेका कर्मचारियों को विभाग के रोल पर लेना, तब तक बैंक के माध्यम से न्यूनतम वेतन व श्रम कानूनों के सभी लाभ देना, सफाई-सीवर के रिक्त पदों पर नियमित भर्ती, एक्स-ग्रेशिया नीति में संशोधन कर कच्चे कर्मचारियों को लाभ, 58-60 वर्ष पर ग्रेच्युटी व पांच लाख सम्मान राशि, चिकित्सा सुविधा, गुरुग्राम के 3480 सहित सभी छंटनीग्रस्त कर्मचारियों को फिर से ड्यूटी पर लेना, सफाई कर्मचारियों को 5,000 जोखिम भत्ता, फायर कर्मचारियों को वर्दी व जोखिम भत्ता, फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद रणबीर व भविष्य में शहीद कर्मचारियों के आश्रितों को 50-50 लाख सहायता व नियमित नौकरी की मांग शामिल हैं।
इकाई सचिव धर्मेंद्र जिघला और कोषाध्यक्ष भारत कांगड़ा ने आरोप लगाया कि सरकार बार-बार मीटिंग बुलाकर गुमराह कर रही है। सहमति बनी मांगों पर कोई आदेश जारी नहीं किया जा रहा, सिर्फ आश्वासन दिए जा रहे हैं। इसी विरोध में नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा और हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने आठ अगस्त तक तीन दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है।