Haryana Roadways Accident: बसताड़ा टोल के पास रोडवेज बसों की टक्कर, 7 घायल

अचानक ब्रेक लगने से पीछे आ रही बस भिड़ी, ड्राइवर समेत छह सवारियां घायल, पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजकर जांच शुरू की

Published On

घरौंडा (सच कहूँ न्यूज़)। Haryana Roadways Accident: बसताड़ा टोल के नजदीक शनिवार को हरियाणा रोडवेज की दो बसों के बीच टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक सहित करीब छह सवारियां घायल हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और क्षतिग्रस्त बसों को क्रेन की मदद से हटवाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार हरियाणा रोडवेज झज्जर डिपो की बस चंडीगढ़ की तरफ जा रही थी। बसताड़ा टोल के पास बस के आगे दो गाड़ियां चल रही थीं, जिन्होंने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसके चलते आगे चल रही रोडवेज बस ने भी ब्रेक लगाए। पीछे आ रही दूसरी रोडवेज बस समय पर नहीं रुक सकी और आगे वाली बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

बस कंडक्टर ओमबीर ने बताया कि उनकी बस चंडीगढ़ की ओर जा रही थी। आगे चल रही बस के अचानक ब्रेक लगाने पर ड्राइवर ने भी ब्रेक लगाए, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और बस टकरा गई। हादसे में बस चालक समेत छह सवारियां घायल हो गईं।

मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी महेंद्र सिंह ने बताया कि झज्जर डिपो की बस से हरियाणा रोडवेज की दूसरी बस टकराने से हादसा हुआ है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बस के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। उन्होंने बताया कि क्रेन की सहायता से दोनों बसों को सड़क से हटवाया जा रहा है और पुलिस ने उन्हें कब्जे में ले लिया है। शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद आगे चल रही दोनों गाड़ियों के चालक मौके से फरार हो गए।

Gharaunda News
Haryana Roadways Accident: बसताड़ा टोल के पास रोडवेज बसों की टक्कर, 7 घायल

About The Author

Related Posts