रानियां के पूर्व विधायक रामचंद्र कंबोज बने हरियाणा गौ सेवा आयोग के चेयरमैन
पशुपालन एवं डेयरी विभाग की अधिसूचना जारी, तत्काल प्रभाव से संभालेंगे जिम्मेदारी
सिरसा (सच कहूँ न्यूज़)। Sirsa News: हरियाणा सरकार ने रानियां के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता रामचंद्र कंबोज को हरियाणा गौ सेवा आयोग का चेयरमैन नियुक्त किया है। पशुपालन एवं डेयरी विभाग की ओर से 8 अगस्त 2026 को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई। नियुक्ति के साथ ही रामचंद्र कंबोज को आयोग के चेयरमैन की जिम्मेदारी तत्काल प्रभाव से सौंप दी गई है। जारी अधिसूचना के अनुसार हरियाणा गौ सेवा आयोग में गैर-सरकारी सदस्यों की नियुक्ति की गई है। इनमें रामचन्द्र कंबोज पूर्व विधायक को चेयरमैन बनाया गया है। वहीं नारायणगढ़, अंबाला निवासी सुमन गुप्ता को वाइस चेयरमैन नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा दलवीर निवासी नारनौंद, हिसार, ऋषि पाल कौशिक निवासी कुरुक्षेत्र, अनिल गोयल निवासी हिसार, चरण सिंह तेवतिया निवासी पलवल, सतीश मुंजाल निवासी सिवान, कैथल, समय सिंह कश्यप निवासी जींद तथा सुरेंद्र गगसिना निवासी गगसिना, करनाल को आयोग का सदस्य बनाया गया है। रामचंद्र कंबोज की नियुक्ति की खबर के बाद रानियां क्षेत्र में उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। लोगों ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि यह रानियां क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। समर्थकों ने उम्मीद जताई कि कंबोज गौ संरक्षण और गौ सेवा से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। रामचंद्र कंबोज को चेयरमैन बनाए जाने पर क्षेत्रवासियों ने उन्हें बहुत-बहुत बधाई एवं ढेरों शुभकामनाएं दी हैं।
.jpg)