शिक्षा और रोजगार
"सीएम सिटी भी नहीं सुरक्षित, हरियाणा में बेलगाम अपराध पर भड़के सतनाम सिंह विर्क; बोले- नहीं संभल रहा प्रदेश तो मुख्यमंत्री दें इस्तीफा
"सीएम सिटी भी नहीं सुरक्षित, हरियाणा में बेलगाम अपराध पर भड़के सतनाम सिंह विर्क; बोले- नहीं संभल रहा प्रदेश तो मुख्यमंत्री दें इस्तीफा
पिहोवा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश प्रवक्ता सरदार सतनाम सिंह विर्क ने हरियाणा में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि आए दिन हत्या, गोलीबारी, फिरौती और गैंगस्टरों की धमकियों जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हुई है और आम जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर है।
सतनाम सिंह विर्क ने कहा कि हाल ही में करनाल में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या की घटना हुई, उसके बाद हिसार में भी अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया। यमुनानगर में भी लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री के गृह जिले कुरुक्षेत्र के लाडवा में भी आए दिन कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री के अपने क्षेत्र में ही लोग सुरक्षित नहीं हैं तो पूरे प्रदेश की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में अब अपराधियों और गैंगस्टरों का खौफ लगातार बढ़ता जा रहा है। गैंगस्टर खुलेआम लोगों को धमकियां दे रहे हैं, फिरौती मांग रहे हैं और मांग पूरी नहीं होने पर गोलियां बरसा रहे हैं। इसके बावजूद सरकार अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री हरियाणा की कानून व्यवस्था संभालने के बजाय पंजाब में भारतीय जनता पार्टी के प्रचार-प्रसार में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को पहले हरियाणा की जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। यदि उनसे प्रदेश नहीं संभल रहा है तो उन्हें नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए और पार्टी के प्रचार-प्रसार का कार्य करना चाहिए।
विर्क ने कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में हरियाणा की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। जनता अपने घरों, कारोबार और सार्वजनिक स्थानों पर भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही है। उन्होंने सरकार से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने की मांग की। साथ ही कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी और सरकार को उसकी जवाबदेही का अहसास कराती रहेगी।