कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने 8 गाँवों की पंचायतों को सौंपे 60 लाख रुपये के चेक

खेल मैदान, पार्क, धर्मशालाएँ, आंगनवाड़ी केंद्र, गलियाँ व पानी की सुविधाओं सहित करवाए जाएंगे विभिन्न विकास कार्य

Published On

सुनाम ऊधम सिंह वाला (सच कहूँ/कर्म थिंद)। पंजाब सरकार द्वारा गाँवों के सर्वांगीण विकास को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है और गाँवों में बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए लगातार ग्रांट जारी की जा रही हैं। इसी के तहत कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने रविवार को विधानसभा क्षेत्र सुनाम के गाँव कोटड़ा अमरू में 8 गाँवों की पंचायतों को करीब 60 लाख रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों के लिए चेक सौंपे। अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा विकास कार्यों के लिए फंड की कोई कमी नहीं आने दी जा रही। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल शहरों का विकास करना नहीं, बल्कि गाँवों को भी आधुनिक और बुनियादी सुविधाओं से लैस करना है।

उन्होंने कहा कि गाँवों के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी, स्वच्छता और सार्वजनिक सुविधाओं से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि गाँवों में खेल सुविधाएंँ विकसित करने का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें नशे से दूर रखना है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने के लिए खेल मैदानों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। 

इन गाँवों को मिली इतनी राशि 

अरोड़ा ने बताया कि गांव शेरों में वॉलीबॉल ग्राउंड बनाने के लिए 5 लाख रुपये और जस्सू पत्ती के श्मशानघाट की चारदीवारी एवं फर्श के लिए 5 लाख रुपये दिए गए हैं। इसी तरह नमोल में रोमाणा पत्ती के दरवाजे की मरम्मत के लिए 3 लाख रुपये, बाबा मोती मेहरा धर्मशाला में कमरा बनाने के लिए 4 लाख रुपये और स्टील वाटर टैंकर के लिए 3.25 लाख रुपये की ग्रांट दी गई है। उन्होंने बताया कि शाहपुर कलां में पुराने कम्युनिटी हॉल में शेड डालने के लिए 4 लाख रुपये और विश्वकर्मा धर्मशाला में कमरा बनाने के लिए 5 लाख रुपये दिए गए हैं। बीर कलां में स्टील वाटर टैंकर के लिए 3.25 लाख रुपये और नया पार्क एवं ट्रैक बनाने के लिए 5 लाख रुपये की राशि जारी की गई है।

इसी तरह झाड़ों में श्री वाल्मीकि धर्मशाला में कमरा बनाने के लिए 4 लाख रुपये और आंगनवाड़ी केन्द्र में दीवार, गेट एवं फर्श बनाने के लिए 2.50 लाख रुपये दिए गए हैं। कोटड़ा अमरू में स्टील वाटर टैंकर के लिए 3.25 लाख रुपये और हरजस धर्मशाला में कमरे का लैंटर डालने के लिए 5 लाख रुपये की ग्रांट दी गई है। इसके अलावा भगवानपुरा में गली के निर्माण के लिए 2.30 लाख रुपये और मिर्जा पत्ती में जंडी विहड़े की एस.सी. धर्मशाला, मजहबी सिख धर्मशाला तथा अड्डे के पास स्थित एस.सी. धर्मशाला में इंटरलॉक टाइलें लगाने के लिए 4.75 लाख रुपये की ग्रांट दी गई है।

Sunam News

About The Author

Related Posts