Kanwar Yatra: गंगाजल लेकर लौट रहे कोटकपूरा के तीन कावड़ियों की सड़क हादसे में मौत, शहर में शोक की लहर
तेज रफ्तार कार की टक्कर से हुआ हादसा
कोटकपूरा (सच कहूँ/अजय मनचंदा)। Kotkapura News: शिवरात्रि के लिए गंगोत्री से गंगाजल की डाक कांवड़ लेकर वापस लौट रहे कोटकपूरा के तीन कावड़ियों की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा सरहिंद-मंडी गोबिंदगढ़ के बीच हाईवे पर हुआ। मृतकों की पहचान कोटकपूरा की डॉक्टर हरपाल गली निवासी जगदीश मित्तल (40) पुत्र वेद प्रकाश, हरिनौ रोड निवासी महेन्द्र पाल (43) पुत्र प्रकाश चंद और सुरगापुरी निवासी दीपक कुमार (42) पुत्र रामचंद्र के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार तीनों कांवड़िए कोटकपूरा से दो अलग-अलग कावड़ संघों के साथ गंगोत्री से डाक कावड़ लाने के लिए रवाना हुए थे।
वे 30 जुलाई को गंगोत्री के लिए रवाना हुए थे और 10 अगस्त, सोमवार को कांवड़ लेकर कोटकपूरा वापस लौटना था। कोटकपूरा के प्राचीन डेरा दूधाधारी से शिव त्रिलोकी नाथ कांवड़ संघ और श्री रामबाग मंदिर से न्यू शिव कावड़ संघ के जत्थे गंगोत्री के लिए रवाना हुए थे। वापसी के दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया। शिव त्रिलोकी नाथ कांवड़ संघ के साथ गए पीबीजी वैल्फेयर क्लब के अध्यक्ष राजीव मलिक ने बताया कि हादसा रात के समय सरहिंद-मंडी गोबिंदगढ़ के बीच हाईवे पर हुआ। सड़क किनारे पैदल जा रहे कावड़ियों को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों कावड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों कांवड़ियों की मौत की खबर जैसे ही कोटकपूरा पहुंची, पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग मृतकों के परिवारों के साथ दुख साझा कर रहे हैं। हादसे के कारण कावड़ संघों और शहरवासियों में भी गहरा दुख व्याप्त है।