सतीश कुमार ने संभाला सिटी थाना एसएचओ का कार्यभार
सफीदों सिटी थाना के नए एसएचओ बने सतीश कुमार
सफीदों (सच कहूँ/देविन्द्र कुमार)। Safidon News: सिटी थाना सफीदों के नए एसएचओ के रुप में सतीश कुमार ने रविवार को कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी ली। सतीश कुमार ने राजकुमार राणा का स्थान लिया है। नवनियुक्त एसएचओ सतीश कुमार ने कहा कि उनकी पहली और प्रमुख प्राथमिकता क्षेत्र में नशे तथा अपराध पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाना रहेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक, जींद द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस विशेष सतर्कता बरतेगी।
उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को किसी गलत या गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिलती है या उसका अंदेशा होता है तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करे। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। एसएचओ ने कहा कि अपराध और अनैतिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में आमजन का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। पुलिस और जनता के आपसी सहयोग से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकता है।