शिक्षा और रोजगार
Mock Drill: हवाई हमले से निपटने की मॉकड्रिल का हुआ आयोजन
शहीद भगत सिंह स्टेडियम में 8 घायलों का किया रेस्क्यू, 20 मिनट चला राहत अभियान
सरसा (सच कहूँ न्यूज)। Sirsa News: संभावित हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए वीरवार को शहीद भगत सिंह स्टेडियम में सिविल डिफेंस की ओर से मॉकड्रिल आयोजित की गई। अभ्यास के दौरान एक इमारत के हवाई हमले में क्षतिग्रस्त होने और आठ लोगों के मलबे में दबे होने का परिदृश्य तैयार किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग, एंबुलेंस, एनसीसी और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
करीब 20 मिनट तक चले अभियान में सभी आठ घायलों को बाहर निकाल लिया गया। इनमें चार गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया, जबकि चार का उपचार मौके पर ही किया गया। मॉकड्रिल के संबंध में जिला राजस्व अधिकारी संजय बिश्नोई की ओर से अभ्यास के उद्देश्य और तैयारियों को लेकर जानकारी साझा की गई, लेकिन अभ्यास के दौरान वे घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे। मौके पर सिविल डिफेंस और अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी राहत एवं बचाव अभियान में जुटे रहे।
आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए हुआ अभ्यास
सिविल डिफेंस के इंस्पेक्टर प्रताप सिंह ने बताया कि मॉकड्रिल का उद्देश्य हवाई हमले या मिसाइल अटैक जैसी स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का परीक्षण करना था। अभ्यास के दौरान विभिन्न विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया, रेस्क्यू व्यवस्था और आपसी समन्वय को परखा गया। मॉकड्रिल के दौरान जिला युवा अधिकारी धनपत सिंह, एनसीसी से सुखदेव सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
आयोजन का उद्देश्य आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की क्षमता का आकलन करना और भविष्य के लिए व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाना रहा। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी धनपत सिंह, भारत स्काउट एंड गाइड के जिला सचिव सुखदेव सिंह ढिल्लो भी मौजूद रहे।