थाने के सामने स्कार्पियो सवारों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 7 युवक घायल

अदालत से लौट रहे युवकों पर हमला, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

Published On

भिवानी/चरखी दादरी (सच कहूँ/इन्द्रवेश)। Charkhi Dadri News: चरखी दादरी में वीरवार को सिटी पुलिस थाना के सामने दिनदहाड़े हुई फायरिंग से हड़कंप मच गया। बेखौफ हमलावरों ने अदालत से लौट रहे युवकों की स्कॉर्पियो गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में गाड़ी सवार सात युवक घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है, जहां दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, घायल युवकों की पहचान अंकित मानकावास, कीर्तिमान हिसार, कृष्ण महेंद्रगढ़, सूरज मानहेरू, अंकित भिवानी, विजय उर्फ सन्नी हिसार और अमित फतेहगढ़ के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इनमें से कुछ युवकों पर पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। डीएसपी मुख्यालय धीरज कुमार ने बताया कि कुछ युवक पुराने मामले में अदालत में पेशी के बाद स्कॉर्पियो से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पुलिस थाने के सामने पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने करीब 10 से 15 राउंड गोलियां चलाईं और वारदात के बाद पैदल ही फरार हो गए।

सीसीटीवी में कैद हुए हमलावर

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें तीन युवक हथियारों के साथ स्कॉर्पियो पर गोलियां चलाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस को आशंका है कि वारदात के पीछे गैंगवार की रंजिश हो सकती है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बताया जा रहा है कि मामला कासनिया और बाबा गैंग के बीच चली आ रही पुरानी रंजिश से जुड़ा हो सकता है।

डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। सीआईए, साइबर सेल, सिटी थाना और सदर थाना की संयुक्त टीमें आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Charkhi Dadri News

About The Author

Related Posts