शिक्षा और रोजगार
लुधियाना में किचलू नगर में 20 फुट गहरी जमीन धंसी
कोठी की नींव हिली, कई लोगों की जान खतरे में
लुधियाना (सच कहूँ/सुरेन्द्र कुमार शर्मा)। Ludhiana News: औद्योगिक नगरी लुधियाना में प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार की जड़ें कितनी गहरी हो चुकी हैं, इसकी प्रत्यक्ष मिसाल गुरुवार सुबह पॉश इलाके किचलू नगर में देखने को मिली। यहाँ मुख्य सड़क अचानक ताश के पत्तों की तरह धंस गई, जिससे लगभग 20 फुट गहरा और 30 फुट लंबा विशाल गड्ढा बन गया। सड़क धंसने से नीचे गुजर रही सीवरेज पाइपलाइन भी टूट गई, जिसके कारण तेज गति से पानी बहने लगा और जमीन के और अधिक धंसने का खतरा पैदा हो गया। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पास स्थित एक कोठी की नींव भी हिल गई और पूरा परिवार खतरे की जद में आ गया। जानकारी के अनुसार प्रत्यक्षदर्शी एवं कोठी मालिक कमल सिंघानिया ने बताया कि सुबह उनके घर के बाहर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी।
जैसे ही चालक ने वाहन आगे बढ़ाया, ट्रैक्टर का एक पहिया अचानक जमीन में धंस गया। चालक ने किसी तरह वाहन को बाहर निकाला, लेकिन कुछ ही मिनट बाद जोरदार धमाके जैसी आवाज के साथ पूरी सड़क धंसती चली गई। घर के अंदर तक धमाके की आवाज और कंपन महसूस होने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मकान में रह रहे सभी लोगों को तुरंत बाहर निकाल लिया। दूसरी ओर, हादसे के बाद किचलू नगर से डीएमसी अस्पताल जाने वाले इस मुख्य मार्ग को पूरी तरह बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया गया है। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार गड्ढे को भरने, पाइपलाइन की मरम्मत करने और सड़क को दोबारा यातायात योग्य बनाने में लगभग 10 दिन का समय लग सकता है।
अधिकारियों का पक्ष
मौके पर पहुंचे नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त जसदेव सिंह सेखों ने स्वीकार किया कि प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि किसी कंपनी द्वारा भूमिगत केबल या अन्य लाइनें बिछाने के दौरान बरती गई लापरवाही इस हादसे का कारण हो सकती है। उन्होंने कहा कि मामले की जाँच रिपोर्ट तैयार की जा रही है और दोषी पाए जाने वाले पक्ष के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।