विश्व आदिवासी दिवस पर टिब्बी में विधिक जागरूकता की अलख, छात्राओं और बिहारी बस्ती में अधिकारों व कानून की दी जानकारी
विश्व आदिवासी दिवस पर हनुमानगढ़ में विधिक जागरूकता कार्यक्रम
टिब्बी (सच कहूं/अंकित वधवा)। Tibbi News: राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के स्टेट एक्शन प्लान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हनुमानगढ़ एवं ताल्लुका विधिक सेवा समिति टिब्बी के निर्देश पर रविवार को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। ताल्लुका विधिक सेवा समिति टिब्बी के अध्यक्ष एवं एसीजेएम तुषार बिश्नोई के निर्देश पर टिब्बी कस्बे में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में आयोजित शिविर में 100 से अधिक छात्राओं ने भाग लिया। वहीं घग्घर नदी किनारे स्थित नौ बुर्जी बिहारी बस्ती में ताल्लुका विधिक सेवा समिति एवं पुलिस थाना टिब्बी के संयुक्त तत्वावधान में शिविर आयोजित कर शिक्षा से वंचित बच्चों को शिक्षा से जोड़ने, नशे से दूर रहने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में पीएलवी प्रभु राम ने छात्राओं को विश्व आदिवासी दिवस के महत्व, आदिवासी समुदायों के अधिकारों, संस्कृति एवं परंपराओं तथा पर्यावरण संरक्षण के बारे में जानकारी दी। छात्राओं को मौलिक एवं कानूनी अधिकारों के साथ नागरिकों के कर्तव्यों की जानकारी देते हुए बाल विवाह की रोकथाम, घरेलू हिंसा से संरक्षण, महिला उत्पीड़न के खिलाफ कानूनी प्रावधान, बालश्रम, गुड टच-बैड टच और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर जागरूक किया गया। साथ ही निशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा के अधिकार, नशे के दुष्प्रभाव और नशामुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। छात्राओं को किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या शोषण की स्थिति में चुप नहीं रहने और उचित माध्यम से सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में सुनीता छिंपा सहित विद्यालय स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
नौ बुर्जी बिहारी बस्ती में आयोजित शिविर में 50 से अधिक लोगों और बच्चों ने भाग लिया। इस दौरान पीएलवी प्रभु राम ने राष्ट्रीय लोक अदालत, निशुल्क विधिक सहायता एवं टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी दी। पुलिस थाना टिब्बी के हैड कांस्टेबल विनोद लेघा ने बच्चों की बाल कटिंग करवाई तथा बिस्किट के पैकेट वितरित किए। लोगों को शिक्षा से जुड़ने और बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही नशामुक्ति का संदेश देते हुए कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर सुरेवाला ग्राम पंचायत प्रशासक सुरजाराम पंवार भी मौजूद रहे।विश्व आदिवासी दिवस पर चाहूवाली में विधिक जागरूकता शिविर
वहीं चाहूवाली ग्राम पंचायत में विश्व आदिवासी दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित हुआ। पीएलवी जगदीश डूडी ने श्रमिकों को मानवाधिकार, महिला अधिकार, बाल विवाह, घरेलू हिंसा, श्रमिक अधिकार और नालसा योजनाओं की जानकारी दी। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 12 सितंबर की जानकारी भी दी गई। शिविर में 60 लोग लाभान्वित हुए।
