पहली बार जागृत अवस्था में ब्रेन ट्यूमर की सफल सर्जरी

शाह सतनाम जी स्पैशलिटी हॉस्पिटल्स, सरसा के न्यूरोसर्जरी विभाग की बड़ी उपलब्धि

Published On

सरसा (सच कहूँ न्यूज)। शाह सतनाम जी स्पैशलिटी हॉस्पिटल्स, सरसा के न्यूरोसर्जरी विभाग ने ‘अवेक क्रैनियोटॉमी’ तकनीक से ब्रेन ट्यूमर की सफल सर्जरी की है। अस्पताल के अनुसार, सरसा क्षेत्र में इस तकनीक से यह पहली सफल सर्जरी है। इस उपलब्धि से अब क्षेत्र के मरीजों को ब्रेन सर्जरी की अत्याधुनिक सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगी। ‘अवेक क्रैनियोटॉमी’ में आॅपरेशन के महत्वपूर्ण चरण के दौरान मरीज को जागृत रखा जाता है। एनेस्थीसिया विशेषज्ञ नियंत्रित सेडेशन और स्कैल्प ब्लॉक के जरिए मरीज को आरामदायक रखते हैं। ट्यूमर निकालते समय मरीज से बातचीत कराई जाती है और हाथ-पैर हिलाने जैसे निर्देश दिए जाते हैं। इससे सर्जन मस्तिष्क के महत्वपूर्ण हिस्सों की कार्यक्षमता पर लगातार नजर रखते हुए ट्यूमर को सुरक्षित तरीके से निकाल सकते हैं।

चार साल से मिर्गी के दौरों से परेशान था युवक

अस्पताल के अनुसार, 26 वर्षीय युवक पिछले चार वर्षों से दवाइयां लेने के बावजूद बार-बार मिर्गी के दौरों से पीड़ित था। एमआरआई में मस्तिष्क के दाहिने पैराइटल हिस्से में करीब एक सेंटीमीटर का ट्यूमर मिला, जो शरीर की गतिविधियों को नियंत्रित करने वाले मोटर कॉर्टेक्स के बेहद करीब था। इसके बाद अवेक क्रैनियोटॉमी का निर्णय लिया गया।

लगातार होती रही न्यूरोलॉजिकल जांच

सर्जरी के दौरान खोपड़ी खोलकर ट्यूमर की सटीक पहचान के लिए इंट्रा-आॅपरेटिव अल्ट्रासाउंड का इस्तेमाल किया गया। महत्वपूर्ण चरण में मरीज को जागृत रखा गया और वह डॉक्टरों के निर्देश पर हाथ-पैर हिलाता रहा। लगातार न्यूरोलॉजिकल जांच के बीच ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाल दिया गया। अस्पताल के मुताबिक मरीज की सभी महत्वपूर्ण न्यूरोलॉजिकल क्षमताएं सुरक्षित हैं और उसकी स्थिति संतोषजनक है।

अस्पताल प्रबंधन ने इसे न्यूरोसर्जरी, एनेस्थीसिया, रेडियोलॉजी, आॅपरेशन थिएटर और नर्सिंग टीम के समन्वय का परिणाम बताया। उन्होंने बताया कि अस्पताल क्षेत्र के मरीजों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। अस्पताल में अत्याधुनिक न्यूरोसर्जरी सुविधाओं के साथ-साथ विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त आयुष्मान भारत योजना तथा विभिन्न टीपीए एवं इंश्योरेंस कंपनियों के माध्यम से कैशलेस उपचार की सुविधा भी उपलब्ध है।

Sirsa News

About The Author

Related Posts