Ghaggar River: घग्गर नदी का जलस्तर घटा, लोगों को मिली राहत
गुहला-चीका में डिस्चार्ज 15246 क्यूसेक हुआ, कासिमपुर में तटबंध पर हुई लीकेज
जाखल (सच कहूँ/तरसेम सिंह)। Jakhal News: घग्गर नदी के जलस्तर में गुहला-चीका क्षेत्र में कमी आने से राहत के संकेत मिले हैं, लेकिन जाखल क्षेत्र के चांदपुरा साइफन पर पानी का दबाव बढ़ा हुआ है। रविवार सुबह यहां घग्गर का डिस्चार्ज 8810 क्यूसेक दर्ज किया गया। गुहला-चीका में शनिवार सुबह 19,096 क्यूसेक के मुकाबले रविवार को डिस्चार्ज घटकर 15,246 क्यूसेक रह गया। जलस्तर भी 12.4 फीट से घटकर 9.9 फीट हो गया। चांदपुरा साइफन की क्षमता 24 हजार क्यूसेक है और खतरे का निशान 11 फीट निर्धारित है।
फिलहाल जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है। इसके बावजूद प्रशासन और सिंचाई विभाग के अधिकारी तटबंधों पर लगातार नजर रख रहे हैं। पानी के दबाव के कारण कासिमपुर के पास तटबंध में लीकेज होने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी डलवाकर लीकेज बंद किया। किसान लगातार तटबंधों की निगरानी कर रहे हैं।
राहत के संकेत
गुहला-चीका में जलस्तर और डिस्चार्ज घटने से राहत मिली है। सिंचाई विभाग के अनुसार स्थिति फिलहाल स्थिर है और पानी का दबाव कम होने के आसार हैं। प्रशासन ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए निगरानी जारी रखी है।
