वर्तमान जरूरतों के अनुसार विज्ञान, कंप्यूटर और रोबोटिक्स लैब की जा रही स्थापित: सीएम सैनी
नई शिक्षा नीति युवाओं को बनाएगी चरित्रवान, रोजगारपरक और कौशल युक्त
हिसार (सच कहूँ/मुकेश)। Hisar News: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्तमान समय की मांग अनुसार विज्ञान, कम्प्यूटर और रोबोटिक्स की आधुनिक प्रयोगशालाएं विद्यार्थियों के लिए प्रयोग, अनुसंधान और नवाचार के नए द्वार खोलेंगी। इसके साथ ही तकनीक से युक्त कक्षाएं सीखने की प्रक्रिया को युवाओं के लिए रुचिकर बनाएंगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को हिसार में ओ.पी. जिंदल मॉडर्न स्कूल में नई शिक्षा सुविधाओं के उद्घाटन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने स्कूल परिसर में ‘उत्कर्ष’ प्रशासनिक ब्लॉक, ‘उदय’ एसईएन विंग, ‘उद्गम’ स्विमिंग पूल तथा ‘उत्सव’ आॅडिटोरियम का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समारोह पूर्व मंत्री, महान उद्योगपति, समाजसेवी और राष्ट्र निर्माता स्वर्गीय ओ.पी. जिंदल की 96वीं जयंती के कार्यक्रमों की श्रृंखला की कड़ी में आयोजित किया जा रहा है। उस महान विभूति को श्रद्धापूर्वक नमन एवं वंदन करता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस स्कूल में उपलब्ध आधुनिक सुविधाएं नई पीढ़ी को वर्तमान युग की जरूरतों के अनुसार तैयार करने में उपयोगी साबित होंगी। इस नई शुरूआत के लिए विद्यालय की प्रबंधन समिति और शिक्षक बधाई के पात्र हैं। वर्ष 1997 में शिक्षा के प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्कूल का नाम ही ओ.पी. जिंदल विद्यालय रखा गया है। इसमें मॉडर्न तकनीक और मॉडर्न सोच के साथ, मॉडर्न नागरिक तैयार किये जाते हैं।
इसलिए ओपी जिंदल के सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प लें, यही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विद्यालय में स्थापित इनोवेशन हब विशेष रूप से सराहनीय पहल है। प्रत्येक बच्चे के भीतर कोई अनोखी क्षमता, कल्पना और विचार छिपा होता है। उसे ऐसे वातावरण की आवश्यकता होती है, जहां वह अपने विचार व्यक्त कर सके, उन्हें मॉडल और प्रोजेक्ट में बदल सके तथा साथियों और शिक्षकों के साथ समस्याओं का समाधान खोज सके। यह केंद्र विद्यार्थियों की सोच, टीमवर्क, नेतृत्व और समस्या के समाधान जैसी योग्यताओं को सशक्त करेगा।
हरियाणा में एआई मिशन की स्थापना नई पहल
नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में युवा आगे बढे हैं। अब तक 10 हजार से अधिक युवाओं ने स्टार्टअप अपनाकर लाभ उठाया है। सरकार ने हरियाणा एआई मिशन की स्थापना कर एक और नई पहल की है। इस एआई मिशन के माध्यम से गुरुग्राम और पंचकूला में एआई हब स्थापित किए जाएंगे। हर ब्लॉक में उत्कृष्ट मॉडल स्कूलों की स्थापना, बच्चों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कोडिंग और डिजिटल कौशल की शिक्षा, कौशल विकास कार्यक्रमों को विद्यालय स्तर से जोड़ना और उच्च शिक्षा में अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। 55 हजार से अधिक स्कूलों को वाई-फाई से जोड़ा गया है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 10वीं से 12वीं के विद्यार्थियों को 5 लाख टैबलेट, लगभग 40 हजार कक्षाओं में डिजिटल बोर्ड तथा 1 हजार 201 आई.सी.टी. लैब स्थापित की हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रदेश में 13 राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थे, जो अब बढकर 218 हो गए हैं। सरकार ने पिछले साढे 11 वर्षों में प्रदेश में 1 हजार 420 प्राथमिक राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय खोले हैं।
