थाने में मजदूर की मौत का आरोप, हेड कॉन्स्टेबल समेत दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार

कर्नाटक में पुलिस हिरासत में मजदूर की मौत, दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार

Published On

विजयनगर (एजेंसी)। कर्नाटक के विजयनगर जिले के हगारीबोम्मनहल्ली पुलिस स्टेशन से जुड़े दो पुलिसकर्मियों को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। यह गिरफ्तारी 35 वर्षीय निर्माण मजदूर खलील की कथित तौर पर पुलिस हिरासत में हुई मौत के मामले में की गई है। बताया जाता है कि पुलिस स्टेशन के अंदर मारपीट के बाद उसकी मौत हो गई थी। 

गिरफ्तार किए गए पुलिसकर्मियों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल इत्तागी राघवेंद्र और पुलिस कॉन्स्टेबल वेंकटेश के तौर पर हुई है। मृतक की पत्नी शाइनाज की शिकायत पर एफआईआर दर्ज होने के बाद दोनों को हिरासत में लिया गया। शाइनाज का आरोप है कि पुलिस ने उनके पति के साथ मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, हरापनाहल्ली के रहने वाले मजदूर खलील हगारीबोम्मनहल्ली में अपने परिवार के साथ रहते थे, उन्हें रविवार देर रात पत्नी के साथ घरेलू झगड़े के बाद पुलिस स्टेशन लाया गया था। बताया जाता है कि सार्वजनिक सड़क पर झगड़े के बाद शाइनाज पुलिस के पास गई थीं।

परिवारवालों का आरोप है कि हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस स्टेशन के अंदर पुलिसकर्मियों ने खलील की लाठियों और रॉड से बेरहमी से पिटाई की। मारपीट की वजह से उनकी मौत हुई। पुलिस ने शुरू में मौत को मिर्गी के दौरे का नतीजा बताने की कोशिश की थी।

हालांकि, परिजनों का कहना है कि खलील के सिर, नाक और कान से खून बह रहा था और उसके शरीर पर चोट के कई निशान थे, जिससे हिरासत में टॉर्चर किए जाने का गंभीर शक पैदा होता है।

पत्नी शाइनाज की शिकायत पर विजयनगर की एसपी एस. जाह्नवी ने मौके पर ही दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। बाद में दोनों अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया और उनसे पूछताछ की जा रही है। एसपी जाह्नवी ने बताया कि मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जांच की गई और पोस्टमार्टम भी पूरा हो चुका है।

बल्लारी रेंज के आईजी डॉ. हर्ष समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हगारीबोम्मनहल्ली पुलिस स्टेशन का दौरा किया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी जाह्नवी और डिप्टी एसपी मल्लेश डोडमानी जांच की देखरेख और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखने के लिए हगारीबोम्मनहल्ली में ही रुके रहे।

इस घटना के बाद बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन हुए। सैकड़ों लोग हगारीबोम्मनहल्ली पुलिस स्टेशन के बाहर और बाद में उस अस्पताल के बाहर जमा हुए जहां खलील का शव ले जाया गया था। प्रदर्शनकारियों ने हिरासत में हुई कथित हत्या के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

मृतक के एक रिश्तेदार नौशाद अली ने पुलिस पर आरोप लगाया कि उन्होंने पारिवारिक झगड़े को लेकर खलील के साथ बेरहमी से मारपीट की।

उन्होंने सवाल किया, "पति-पत्नी के बीच बस एक झगड़ा हुआ था। पुलिस उसे थाने ले गई और पीट-पीटकर मार डाला। उसकी जान कौन वापस लाएगा? क्या किसी व्यक्ति के साथ इतनी बेरहमी से मारपीट करना पुलिस का काम है?"

स्थानीय विधायक नेमिराज नाइक भी घटनास्थल पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मिले और मृतक के लिए न्याय की मांग करते हुए आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही।

arrested
सांकेतिक फोटो

About The Author

Related Posts