पुरानी रंजिश में युवक की हत्या मामले में एक आरोपी गिरफ्तार
पुरानी रंजिश में घर में घुसकर हमला, घायल युवक की मौत; एक आरोपी गिरफ्तार
फतेहाबाद (सच कहूँ न्यूज)। Fatehabad News: पुरानी रंजिश के चलते गांव बीघड़ निवासी एक युवक पर घर में घुसकर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान हिसार के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। मामले में थाना सदर फतेहाबाद पुलिस ने आॅपरेशन ट्रैक डाउन के तहत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजयनाथ पुत्र चंदन नाथ निवासी पन्नीवाला मोटा, जिला सरसा, हाल निवासी सिरसी, जिला भिवानी के रूप में हुई है।थाना सदर फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद ने बताया कि 5 अगस्त को गांव बीघड़ निवासी दानानाथ और जमालपुर, जिला भिवानी निवासी करण के साथ मारपीट की सूचना पुलिस को मिली थी।
दोनों घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल फतेहाबाद लाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बाद में दानानाथ को हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी रविना ने अपने बयान में बताया कि करीब एक वर्ष पहले दानानाथ और विजयनाथ के बीच लड़ाई हुई थी। आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश को लेकर विजयनाथ अपने साथियों के साथ दानानाथ के घर में घुस गया और दानानाथ तथा उसके भाई करण पर लोहे के कापों और डंडों से हमला कर दिया। इस मामले में थाना सदर फतेहाबाद में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी विजयनाथ को गिरफ्तार कर लिया है।
