हवलदार अमनदीप कौर बनीं थानेदार, माता-पिता ने वर्दी पर लगाए पदोन्नति के स्टार
खनौरी थाने में तैनात हवलदार अमनदीप कौर पदोन्नत होकर बनीं थानेदार
खनौरी (सच कहूँ/बलकार सिंह)। Khanauri News: पंजाब पुलिस में अपनी ड्यूटी ईमानदारी, मेहनत और लगन से निभा रही थाना खनौरी में तैनात हवलदार अमनदीप कौर को पदोन्नत कर थानेदार बनाया गया है। उनकी इस पदोन्नति से परिवार के सदस्यों, सहकर्मियों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। थानेदार के पद पर पदोन्नति मिलने के बाद अमनदीप कौर ने अपने माता-पिता जसवंत सिंह और जसबीर कौर के हाथों अपनी वर्दी पर थानेदार के स्टार लगवाए। इस अवसर का दृश्य परिवार के लिए बेहद भावुक और गर्व से भरा रहा।
माता-पिता ने अपनी बेटी की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उसे आशीर्वाद दिया और भविष्य में भी ईमानदारी, मेहनत और समर्पण के साथ लोगों की सेवा करने के लिए प्रेरित किया। अमनदीप कौर ने कहा कि उनकी इस सफलता के पीछे माता-पिता की दुआएँ, परिवार का सहयोग और पुलिस विभाग में मिला सहयोग बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि वह अपनी नई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और लगन के साथ निभाएंगी तथा लोगों की सेवा को हमेशा प्राथमिकता देंगी। अमनदीप कौर की पदोन्नति पर थाना खनौरी के एस.एच.ओ. इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह, सब-इंस्पेक्टर रघवीर सिंह, सब-इंस्पेक्टर चन्ना सिंह, सब-इंस्पेक्टर सुखविन्द्र सिंह सहित पुलिस कर्मचारियों, परिवार के सदस्यों और परिचितों ने उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
