आटा चक्की का कुंटा तोड़कर घुसे चोर, नकदी समेत साढ़े तीन क्विंटल गेहूं पार
सीसीटीवी फुटेज में गांव का ही युवक नजर आया, दुकानदार की रिपोर्ट पर मामला दर्ज
हनुमानगढ़। गांव अराईयांवाली में एक आटा चक्की की दुकान का गेट का कुंटा तोड़कर चोरी करने का मामला सामने आया है। चोर दुकान में रखी करीब 5 हजार रुपए की नकदी और सात कट्टे गेहूं, जिनका वजन करीब साढ़े तीन क्विंटल बताया गया है, चोरी कर ले गया। दुकानदार की ओर से सीसीटीवी फुटेज देखने पर चोरी की घटना में गांव के ही एक युवक के शामिल होने की जानकारी सामने आने का दावा किया गया है। इस संबंध में टाउन पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार, कुलदीप सिंह (36) पुत्र तेजा सिंह निवासी वार्ड नंबर 8, गांव अराईयांवाली ने टाउन थाने में रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट में बताया कि उसके घर के पास ही उसकी आटा चक्की की दुकान है। 3 अगस्त की रात करीब 12 से 1 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति ने चक्की के गेट का कुंटा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। दुकानदार के अनुसार, चोर चक्की के गल्ले में रखे करीब 5 हजार रुपए और सात कट्टे गेहूं चोरी करके ले गया। सुबह दुकान संभालने पर चोरी का पता चला। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग चैक की गई, जिसमें रिपोर्टकर्ता ने गांव के ही श्योपत पुत्र दुलाराम नायक को चोरी की घटना में शामिल होने का आरोप लगाया।
मामले में परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रकरण की तफ्तीश सहायक उपनिरीक्षक रामकुमार को सौंपी गई है। पुलिस की ओर से मामले में चोरी की वारदात, सीसीटीवी फुटेज और चोरी किए गए सामान के संबंध में आगे जांच की जा रही है। Hanumangarh News