शिक्षा और रोजगार
Road Accident: रेत के डंपर ने बर्तन व्यापारी को मारी टक्कर, हालत गम्भीर
रेत के डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, गंभीर घायल व्यापारी मेरठ के अस्पताल में भर्ती
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: बाइक से शामली जा रहे कस्बे के बर्तन व्यापारी को गलत दिशा से आ रहे रेत के डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार व्यापारी गम्भीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यापारी का उपचार मेरठ के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
कांधला थानाक्षेत्र के गांव खन्द्रावली निवासी मेहरबान ने कोतवाली पुलिस को शिकायती-पत्र दिया है। बताया कि उसके पुत्र बिलाल ने कैराना कस्बे के मोहल्ला बेगमपुरा में बर्तनों की एक दुकान कर रखी है, जिससे वह अपना और परिवार का पालन-पोषण कर रहा है। विगत बुधवार प्रातः करीब 11:00 बजे उसका पुत्र बिलाल अपनी बाइक से दुकान के किसी काम से शामली जा रहा था। जैसे ही वह कस्बे के शामली बाईपास पर स्थित अंडरपास के नीचे बनी जहानपुरा पुलिस चौकी के आगे निकलकर राजबाहे की पुलिया के निकट पहुँचा, तभी गलत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार रेत के डंपर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में उसका पुत्र बिलाल गम्भीर रूप से घायल हो गया और उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना पाकर चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तथा उसके घायल पुत्र को उपचार हेतु शामली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गम्भीर होने पर चिकित्सक ने उसके पुत्र को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया, जिसका उपचार फिलहाल मेरठ में चल रहा है। पीड़ित ने आरोपी चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करके सख्त कार्यवाही किये जाने की मांग की है। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार का कहना है कि अभी तहरीर प्राप्त नही हुई है। शिकायती-पत्र मिलते ही मुकदमा दर्ज करके अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
