शिक्षा और रोजगार
Snake Bites: घर के बाहर खेल रहे 4 साल के मासूम को कोबरा ने डंसा, मौत से परिवार में मचा कोहराम
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
गुहला चीका (सच कहूँ न्यूज़)। Snake Bite News: गांव हेमू माजरा में घर के बाहर खेल रहे चार वर्षीय मासूम की कोबरा सांप के डंसने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि बच्चा परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी एक छोटी बहन है। परिजनों के अनुसार, नक्श देर शाम घर के बाहर खेल रहा था। वह मुख्य दरवाजे के पास पहुंचा तो मकान से कुछ दूरी पर बने बिल से निकले कोबरा ने उसकी टांग पर डंस लिया। बच्चा रोते हुए मां के पास पहुंचा और उसने बताया कि उसे मेंढक ने काटा है।
शुरूआत में परिजनों ने भी इसे किसी छोटे जीव का काटना समझा, लेकिन टांग में तेज दर्द होने पर जांच की तो सांप के डंसने के निशान मिले। परिजन बच्चे को तुरंत गुहला के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उसे सरकारी अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सांप के डंसने की पुष्टि होने के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने आसपास तलाश की। बताया गया कि कोबरा घर से कुछ दूरी पर एक बिल में मिला। ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के मौसम में आसपास के क्षेत्रों से सांप आबादी वाले इलाकों में पहुंच रहे हैं।
