दक्षता विकास केंद्र युवाओं के कौशल, आत्मविश्वास और उज्जवल भविष्य की आधारशिला -  मुख्यमंत्री नायब सैनी 

सीएम नायब सैनी ने मुरथल में क्षेत्रीय दक्षता विकास केंद्र का किया उद्घाटन

Published On

सोनीपत (सच कहूँ/ हेमंत कुमार)। Sonipat News: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को सोनीपत स्थित दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल में क्षेत्रीय दक्षता विकास केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह केंद्र प्रदेश के युवाओं के कौशल, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है, इस कौशल प्रयोगशाला से सीखकर युवा सीधे उद्योगों तक पहुंचेगा। उनके सपनों को रोजगार, उद्यम तथा राष्ट्र-निर्माण की शक्ति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि इस विश्वविद्यालय का नाम किसान मसीहा दीनबंधु सर छोटू राम के नाम पर है। जिन्होंने सपना देखा था कि भारत में परिश्रम करने वालों को सम्मान मिले। आज यह केंद्र सर छोटूराम के विचार का आधुनिक विस्तार है। आज हमारे युवाओं का कौशल विकसित-भारत और विकसित हरियाणा की दिशा तय कर रहा है। सर छोटू राम जी का कृषि-विजन और आधुनिक तकनीक का यह संगम मुरथल से पूरे प्रदेश के लिए नई प्रेरणा बनेगा।

युवाओं से तीन संकल्प का किया आह्वान

मुख्यमंत्री   ने विद्यार्थियों से तीन संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि पहला संकल्प– जीवन भर सीखते रहें, क्योंकि तकनीक बदलती है और सीखना ही हमें प्रासंगिक रखता है। दूसरा संकल्प– कौशल के साथ चरित्र निर्माण करें, क्योंकि ज्ञान शक्ति देता है, पर ईमानदारी उस शक्ति को सही दिशा देती है। तीसरा संकल्प– जो सीखें, उसका कुछ अंश समाज को लौटाएं, क्योंकि सफलता का सर्वोच्च रूप सेवा है। 

हरियाणा का युवा तकनीक में आ रहे बदलाव का दर्शक नहीं बल्कि नायक बने

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विश्वविद्यालय में स्थापित वोल्वो-आइशर लेबोरट्री ने शिक्षकों और विद्यार्थियों को आधुनिक कमर्शियल व्हीकल टेक्नोलॉजी से जोड़ने का काम किया है। इस केंद्र की सफलता इसके प्रशिक्षित युवाओं, पेटेंट, स्टार्टअप, सुरक्षित वाहनों और बेहतर सेवाओं से तय होगी। उन्होंने कहा कि आज ऑटोमोबाइल क्षेत्र बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहा है। इसलिए कौशल भी स्थिर नहीं रह सकता, जो कल मैकेनिक था, आज वह मेका-ट्रॉनिक्स तकनीशियन है। जो कल कमी देखकर अनुमान लगाता था, आज वह डेटा पढ़कर निदान करता है। 

कौशल के दम पर युवा नौकरी मांगने वाला नहीं रोजगार देने वाला बने

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की पहचान किसान, जवान, खिलाड़ी और अब तेजी से आगे बढ़ते तकनीकी कौशल से है। हमें ऐसी शिक्षा चाहिए जिसमें हमारा युवा विश्वस्तरीय तकनीक सीख सके। हमारी बेटियां ऑटोमोबाइल डिजाइन, इलेक्ट्रॉनिक्स, डेटा और डायग्नोस्टिक्स में नेतृत्व कर सकें। 

विश्विद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि: शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि आरसीडीसी लैब का उद्घाटन विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह लैब केवल आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण का केंद्र नहीं, बल्कि उद्योग और शिक्षा जगत के बीच मजबूत समन्वय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऑटोमोबाइल क्षेत्र तेजी से बदल रहा है और इलेक्ट्रिक वाहन, कनेक्टेड वाहन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्रीन मोबिलिटी तथा सस्टेनेबल ट्रांसपोर्ट जैसी नई तकनीकें भविष्य की दिशा तय कर रही हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को केवल डिग्री तक सीमित रखने के बजाय उन्हें उद्योग की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रदान करना जरूरी है।

इस मौके पर विधायक सोनीपत विधायक  निखिल मदान, सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के अध्यक्ष मोहनलाल बडोली, मेयर राजीव जैन, दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल के कुलगुरू प्रोफेसर श्रीप्रकाश सिंह, रजिस्ट्रार अमित कुमार कंबोज, अशोक भारद्वाज,  बिजेंद्र मलिक, जिला परिषद अध्यक्ष मोनिका दहिया, भाजपा नेता देवेंद्र कौशिक, प्रदीप सांगवान, पुलिस आयुक्त ममता सिंह, ज़िला उपायुक्त नेहा सिंह, वीई कमर्शियल व्हीकल्स लिमिटेड और वोल्वो समूह के वरिष्ठ अधिकारीगण और जिला प्रशासन के अधिकारीगण मौजूद रहे।

Sonipat News

About The Author

Related Posts