Rajasthan Railway News: स्वतंत्रता दिवस को लेकर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा कड़ी

जीआरपी-आरपीएफ ने संभाला मोर्चा, संदिग्ध यात्रियों और सामान की सघन जांच, सीसीटीवी व सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों से निगरानी

Published On

हनुमानगढ़। स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के मद्देनजर रेलवे पुलिस ने हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। रेलवे स्टेशन पर रोजाना संदिग्ध व्यक्तियों और उनके सामान की गहन जांच की जा रही है। इसी क्रम में जीआरपी थाना प्रभारी किरणजीत कौर व आरपीएफ थाना निरीक्षक बलवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों के बैग और अन्य सामान की जांच की गई। Ha

साथ ही स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म, बुकिंग क्षेत्र सहित अन्य स्थानों पर भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। जीआरपी थाना प्रभारी किरणजीत कौर ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जा सके, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सतर्क रखा गया है।

आरपीएफ थाना के निरीक्षक बलवीर सिंह ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशन में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की ओर से सीसीटीवी की निगरानी की जा रही है, जबकि सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मियों को जांच के लिए तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत रेलवे स्टेशन से आने-जाने वाली प्रत्येक ट्रेन और उसमें यात्रियों के सामान की जांच की जा रही है। स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म, टिकट बुकिंग क्षेत्र सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। हथियारों से लैस सुरक्षा कर्मियों की भी तैनाती की गई है।

रेलवे पुलिस की ओर से खुफिया एजेंसियों और जीआरपी के साथ समन्वय कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। स्टेशन परिसर में किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की मौजूदगी न हो, इसके लिए लगातार जांच की जा रही है। सुरक्षा जांच के दौरान हाथ से संचालित धातु पहचान उपकरण और द्वार से गुजरकर जांच करने वाले धातु पहचान उपकरण सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है। संदिग्ध सामान या व्यक्ति मिलने पर उसकी गहन जांच की जा रही है।

आरपीएफ निरीक्षक बलवीर सिंह ने यात्रियों से अपील की कि यदि उन्हें रेलवे स्टेशन या ट्रेन में कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि नजर आती है तो इसकी सूचना तत्काल रेलवे प्रशासन, आरपीएफ या जीआरपी को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने यात्रियों को यह भी बताया कि रेलगाड़ियों में किसी भी प्रकार का ज्वलनशील पदार्थ, पेट्रोल-डीजल या विस्फोटक सामग्री ले जाना प्रतिबंधित है। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे पुलिस ने यात्रियों से सतर्कता बरतने और सुरक्षा जांच में सहयोग करने की अपील की है।

About The Author

Related Posts