Road Safety Campaign: सड़क सुरक्षा को लेकर देर रात चला बस चैकिंग अभियान, एक बस का चालान

अग्रसेन चौक पर तीन और जंक्शन बस स्टैंड पर दो बसों का निरीक्षण

Published On

Road Safety Campaign: हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के सड़क सुरक्षा अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हनुमानगढ़ के निर्देशन में बुधवार देर रात परिवहन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने जंक्शन क्षेत्र में स्लीपर एवं लग्जरी बसों की जांच का विशेष अभियान चलाया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया की अध्यक्षता में हुई कार्रवाई के दौरान कुल पांच बसों का औचक निरीक्षण किया गया। Hanumangarh News

अभियान के दौरान अग्रसेन चौक के पास तीन बसों को चैक किया गया, जिनमें से एक बस के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। वहीं जंक्शन बस स्टैंड पर दो बसों का निरीक्षण किया गया। दोनों बसें नई होने के कारण इनमें किसी प्रकार की कमी नहीं पाई गई। अग्रसेन चौक पर जांच के दौरान एक बस को रुकवाने का प्रयास किया गया तो चालक ने पहले बस को रोकने के बजाय उसे भगाने का प्रयास किया। टीम ने बस को रुकवाकर जांच की तो उसकी नंबर प्लेट भी वैध नहीं पाई गई।

इस पर संबंधित बस का चालान किया गया। इसके अलावा परमिट शर्तांे के उल्लंघन से संबंधित एक अन्य चालान भी बनाया गया। कार्रवाई में बनाए गए चालान परमिट की शर्तों के उल्लंघन के तहत हैं। बस मालिक को सीजर मेमो जारी करते हुए निर्देश दिए गए कि बस को यात्रियों से खाली करने के बाद निर्धारित गंतव्य तक पहुंचाया जाए और इसके बाद बस को जिला परिवहन कार्यालय में लाकर नियमानुसार सीज करवाया जाए। निरीक्षण के दौरान टीम ने बसों में यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े इंतजाम भी देखे। जांच में बसों के गेट और पीछे की साइड पर आपातकालीन संपर्क नंबर अंकित नहीं पाए गए।

इस पर बस ऑपरेटरों को मौके पर ही निर्देशित किया गया कि बस के गेटों और पीछे की साइड पर अग्निशमन विभाग, पुलिस प्रशासन सहित आवश्यक आपातकालीन नंबर स्पष्ट रूप से अंकित करवाएं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से आपातकालीन नंबर बसों पर प्रदर्शित होना बेहद जरूरी है। छोटी-छोटी कमियों को भी समय रहते दूर किया जाना चाहिए, ताकि आपात स्थिति में यात्रियों को तत्काल सहायता मिल सके। Hanumangarh News

नई बसों में मिली बेहतर व्यवस्था

अभियान के दौरान जंक्शन बस स्टैंड पर जांची गई दोनों बसें नई थीं। टीम की ओर से इनके दस्तावेज और व्यवस्थाएं देखने पर कोई कमी नहीं पाई गई। अधिकारियों ने बस संचालकों को सड़क सुरक्षा नियमों और परमिट की शर्तों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्रवाई के दौरान निरीक्षण दल के अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया के साथ सदस्य एवं जिला परिवहन अधिकारी नरेन्द्र पूनिया, जंक्शन पुलिस थाना के सहायक उप निरीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई, प्राधिकरण स्टाफ से कनिष्ठ सहायक कुलदीप स्वामी एवं मुकुंद ओझा सहित परिवहन एवं पुलिस विभाग की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा अभियान के तहत इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी और बस संचालकों को यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े सभी नियमों एवं परमिट शर्तांे की पालना सुनिश्चित करनी होगी। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts