तस्करी से अर्जित करोड़ों की संपत्ति पर पुलिस का शिकंजा
हिस्ट्रीशीटर विक्की उर्फ विक्रमजीत की 1.21 करोड़ की तीन संपत्तियां फ्रीज
हनुमानगढ़। मादक पदार्थों की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों से अर्जित संपत्ति के खिलाफ हनुमानगढ़ पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। आईजी बीकानेर और एसपी हनुमानगढ़ बी आदित्य के निर्देशन तथा डीएसपी सिटी मीनाक्षी के नेतृत्व में गोलूवाला थाना पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर विक्रमजीत बिश्नोई उर्फ विक्की निवासी लोंगवाला की करीब 1 करोड़ 21 लाख रुपए की अनुमानित बाजार कीमत वाली तीन संपत्तियों को फ्रीज किया है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दायरे में दो जगह जमीन और एक दुकान शामिल है। ये संपत्तियां 3 एलजीडब्ल्यू, पीबीएन और पीलीबंगा में स्थित बताई गई हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान इन संपत्तियों को मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्ति के रूप में चिन्हित किया गया, जिसके बाद नियमानुसार फ्रीज करने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई को लेकर गोलूवाला थाना प्रभारी रजनदीप कौर सुबह से ही लोंगवाला में कैंप किए हुए थीं। उनकी अगुवाई में पुलिस टीम ने चिन्हित संपत्तियों पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध से अर्जित संपत्ति के खिलाफ की गई महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार हिस्ट्रीशीटर विक्रमजीत सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में सात आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट, मारपीट और धोखाधड़ी से जुड़े मामले शामिल हैं। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता और संपत्तियों के संबंध में जांच के बाद पुलिस ने इन्हें कार्रवाई के लिए चिन्हित किया। Hanumangarh News
आपराधिक नेटवर्क की आर्थिक कमर तोड़ने पर जोर
पुलिस का कहना है कि अपराधियों की ओर से मादक पदार्थों की तस्करी अथवा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विक्रमजीत बिश्नोई उर्फ विक्की की संपत्तियों को फ्रीज किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क पर सीधा प्रहार माना जा रहा है। संपत्तियां फ्रीज किए जाने के बाद संबंधित व्यक्ति इनके संबंध में मनमाना उपयोग या हस्तांतरण नहीं कर सकेगा। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि अवैध गतिविधियों से अर्जित अन्य संपत्तियों की भी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। Hanumangarh News