श्रावण के दूसरे सोमवार को पंचमुखी महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

पंचमुखी महादेव मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, गंगाजल से हुआ भोलेनाथ का जलाभिषेक

Published On

मीरापुर (सच कहूं/कोमल कुमार)। Miranpur News: श्रावण मास के दूसरे सोमवार को सम्भलहेड़ा स्थित सुप्रसिद्ध श्रीसिद्धपीठ पंचमुखी महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना करने के लिए मंदिर परिसर में लंबी-लंबी कतारें लग गईं। हरिद्वार से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़ियों सहित बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने भगवान पंचमुखी महादेव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और अनुशासन के साथ कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।

श्रावण मास के दूसरे सोमवार के साथ शिवरात्रि पर्व को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। थाना प्रभारी राजीव शर्मा ने बताया कि मंदिर परिसर में सुरक्षा के लिए स्थानीय थाना पुलिस के अलावा अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया है। इसमें महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी मंदिर परिसर के साथ आसपास के क्षेत्र में भी लगातार निगरानी रखेंगे।

सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है। शिवरात्रि के दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने विशेष सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की तैयारी की है।

श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में प्राथमिक उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि किसी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने या किसी आकस्मिक स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

मंदिर कमेटी के अनुसार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सैकड़ों स्वयंसेवकों को सेवा में लगाया गया है। स्वयंसेवक श्रद्धालुओं को कतारबद्ध करने, आवश्यक जानकारी देने तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर सहायता करने में सहयोग करेंगे।

हरिद्वार से गंगाजल लेकर सम्भलहेड़ा पहुंचने वाले कांवड़ियों के लिए ठहरने की भी समुचित व्यवस्था की गई है। मंदिर कमेटी और पुलिस-प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने, निर्धारित मार्ग और कतार का पालन करने तथा पुलिस एवं स्वयंसेवकों का सहयोग करने की अपील की गई है।

Miranpur News (2)
Miranpur News

About The Author

Related Posts