वार्ड 51 की मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, जांच की मांग
वार्ड 51 और 52 के बीच मतदाताओं के नाम स्थानांतरित होने का दावा
मृत एवं दूसरे स्थानों पर जा चुके मतदाताओं के नाम हटाने की भी मांग
Voter list discrepancies: हनुमानगढ़। जंक्शन नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 51 की मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को शिकायत देकर जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कई ऐसे मतदाताओं के नाम वार्ड की सूची में शामिल हैं, जिनका वास्तविक निवास उस वार्ड की सीमा में नहीं आता। सेक्टर 6, वार्ड 51 निवासी सुशील बहल ने मंगलवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर बताया कि वार्ड 51 की मतदाता सूची में भाग संख्या 1 और 2 शामिल हैं। Hanumangarh News
आरोप है कि सूची में ऐसे कई मतदाताओं के नाम दर्ज हैं, जो लंबे समय से दूसरे स्थानों पर रह रहे हैं। इसके बावजूद उनके नाम मतदाता सूची से हटाए नहीं गए हैं। कुछ मतदाताओं के नाम वार्ड 51 से वार्ड 52 तथा वार्ड 52 से वार्ड 51 में स्थानांतरित हुए हैं, जबकि संबंधित मतदाताओं का वास्तविक निवास उस वार्ड की सीमा में नहीं है। इससे मतदाता सूची की शुद्धता और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता प्रभावित होने की आशंका है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मतदाता सूची में मृत व्यक्तियों के नाम भी अब तक दर्ज हैं। इसके अलावा वर्षांे पहले अन्य स्थानों पर जा चुके लोगों के नाम भी सूची में बने हुए हैं। ऐसे मतदाताओं के मतदान नहीं करने से मतदान प्रतिशत प्रभावित होता है तथा गलत मतदान की आशंका भी बनी रहती है। सुशील बहल ने बताया कि इस संबंध में बूथ लेवल अधिकारी से बातचीत की गई तथा संबंधित मतदाताओं की जानकारी भी उपलब्ध करवाई गई। Hanumangarh News
हालांकि, बीएलओ की ओर से मतदाता का वोट स्थानांतरित करने का विकल्प उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई। इसके बाद अब जिला प्रशासन से मामले का तथ्यात्मक सत्यापन करवाने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने कहा कि परिसीमन के नियमों के विपरीत किसी वार्ड में जोड़े गए मतदाताओं के नाम हटाकर उनके वास्तविक निवास वाले वार्ड में शामिल किए जाएं। जिला कलक्टर से मांग की गई है कि वार्ड 51 और 52 की मतदाता सूचियों की जांच करवाकर वास्तविक निवास के आधार पर मतदाताओं का सत्यापन कराया जाए।
गलत तरीके से जोड़े गए नाम हटाने, दूसरे वार्ड के वास्तविक निवासियों के नाम संबंधित वार्ड में दर्ज करने तथा मृत व्यक्तियों के नाम नियमानुसार हटाने की कार्रवाई की जाए। जिला कलक्टर ने प्राप्त ज्ञापन को कार्रवाई के लिए एसडीएम को मार्क किया है। शिकायत की एक प्रति राज्य निर्वाचन आयोग, जयपुर को भी सूचनार्थ भेजी गई है। Hanumangarh News