नोएडा में ई-रिक्शा बैटरी चोर गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार
ई-रिक्शा की बैटरी चुराने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, 13 स्मार्ट बैटरी बरामद
नोएडा (एजेंसी)। Noida News: नोएडा के थाना फेस-1 पुलिस ने ई-रिक्शा की बैटरी चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 13 स्मार्ट लीथियम बैटरी, 414 लीथियम बैटरी सेल और 11,800 रुपये की नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के अलग-अलग इलाकों में रेकी करने के बाद सुनसान स्थानों पर खड़े ई-रिक्शा को निशाना बनाते थे। पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त 2026 को थाना फेस-1 पुलिस टीम ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को सेक्टर-14 और सेक्टर-15 के बीच बने पुल के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कासिम उर्फ लक्की, रहीशउल्ला, शाहनवाज और रिजवान के रूप में हुई है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बैटरी चोरी करने के अपने तरीके का खुलासा किया। आरोपियों ने बताया कि वे पहले दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के आसपास के इलाकों में ई-रिक्शा खड़े होने वाले स्थानों की रेकी करते थे। इसके बाद ऐसे ई-रिक्शा को निशाना बनाया जाता था, जो किसी अपेक्षाकृत सुनसान स्थान पर खड़े होते थे। मौका देखकर आरोपी उनकी बैटरी चोरी कर लेते थे और चोरी की गई बैटरियों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रख देते थे।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि जब उन्हें पैसों की जरूरत होती थी, तो वे चोरी की बैटरियों को एक साथ बेचने के बजाय कबाड़ियों को एक-एक करके बेचते थे। इसके लिए वे अपनी मजबूरी का बहाना बनाते थे। बैटरियां बेचकर मिलने वाली रकम को आरोपी आपस में बांट लेते थे। पुलिस का कहना है कि गिरोह लंबे समय से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दक्षिण दिल्ली के थाना जैतपुर क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में बैटरी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इस मामले में भी आरोपी जेल जा चुके हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की बैटरियों को खरीदने वाले कबाड़ियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में कासिम उर्फ लक्की (21) निवासी इकरामनगर, थाना लोनी, गाजियाबाद, रहीशउल्ला (29) निवासी इकरामनगर, थाना लोनी, गाजियाबाद, शाहनवाज (28) निवासी भागीरथी विहार, थाना दयालपुर, दिल्ली और रिजवान (23) निवासी ओल्ड मुस्तफाबाद, थाना दयालपुर, दिल्ली शामिल हैं।
पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज किया है। इसके अलावा थाना जैतपुर साउथ, दिल्ली में भी मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने अब तक कितनी बैटरियां चोरी की हैं और चोरी के इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं। साथ ही चोरी की बैटरियों को खरीदने वाले कबाड़ियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
