Rajasthan Road Accident: पिकअप ने टेम्पू को मारी टक्कर, परिवार के चार सदस्य घायल
बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में कराया उपचार
Rajasthan Road Accident: हनुमानगढ़। नोहर क्षेत्र में श्रीरामा ईंट उद्योग के कांटे के पास एक तेज रफ्तार पिकअप चालक की ओर से सामने से टेम्पू को टक्कर मारने का मामला सामने आया है। हादसे में टेम्पू सवार पति-पत्नी और उनके दो बच्चे घायल हो गए। घायलों को पहले नोहर अस्पताल, फिर हनुमानगढ़ और बाद में बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां चारों का उपचार कराया गया। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार सोनड़ी निवासी सुनीता (34) पत्नी मीतूराम भाट ने नोहर पुलिस थाना में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि 29 मई को शाम करीब 4 से 5 बजे वह अपने पति मीतूराम, बेटी पूजा और बेटे सन्नी के साथ नोहर से बच्चों के कपड़े लेकर टेम्पू नंबर आरजे 13 पीए 3152 से सोनड़ी स्थित घर लौट रही थी। टेम्पू उसका पति मीतूराम चला रहा था, जबकि वह और दोनों बच्चे बीच वाली सीट पर बैठे थे।
रिपोर्ट के अनुसार श्रीरामा ईंट उद्योग के कांटे के पास सामने से आ रही पिकअप नंबर आरजे 13 जीबी 2144 के चालक अशोक कुमार पुत्र महावीर जाट निवासी अमरपुरा तहसील भादरा ने पिकअप को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए उनके टेम्पू में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेम्पू बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चारों सदस्यों को चोटें आईं। हादसे के बाद परिजन चुसा देवी ने घायलों को राजकीय चिकित्सालय नोहर पहुंचाया।
वहां से उन्हें हनुमानगढ़ और फिर बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां चारों का उपचार कराया गया। सुनीता के सिर, आंख, बाईं कोहनी, दोनों पैरों और दाहिने घुटने पर चोटें सामने आईं, जो उपचार के बाद ठीक हो चुकी हैं। वहीं मीतूराम के बाएं पैर की जांघ पर पट्टी बंधी हुई थी और उसमें रॉड डाली गई है, जबकि दाहिना पैर नली से नीचे कटा हुआ बताया गया है।
चोटों के कारण मीतूराम वर्तमान में चलने में असमर्थ है। सुनीता ने पुलिस को बताया कि उपचार के बाद भी पति की हालत ऐसी है कि वह चल नहीं सकते। रिपोर्ट और चोटों के आधार पर नोहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल जगदीश प्रसाद को सौंपी है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों और पिकअप चालक की भूमिका की जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार दंपती घायल
हनुमानगढ़। पीलीबंगा में हनुमानगढ़-सूरतगढ़ रोड पर गणपति पैलेस के पास एक 22 चक्का ट्रक चालक की ओर से अचानक ट्रक मोड़ने से स्कूटी सवार दंपती सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में महिला के हाथ में फ्रैक्चर हुआ, जबकि उसके पति के आंख के ऊपर माथे पर पांच टांके आए हैं।
घटना के संबंध में पीलीबंगा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार राकेश कुमार (35) पुत्र रत्तूराम सांसी निवासी वार्ड नंबर 7, रघुनाथपुरा तहसील सूरतगढ़ ने थाने में रिपोर्ट दी कि 2 अगस्त की सुबह करीब 7.09 बजे उसके पिता रत्तूराम और माता रुक्की देवी टीवीएस स्कूटी पर सवार होकर रघुनाथपुरा से हनुमानगढ़ जा रहे थे। Hanumangarh News
22 चक्का ट्रक ने अचानक काटी साइड, सड़क पर गिरे पति-पत्नी
हनुमानगढ़-सूरतगढ़ रोड पर गणपति पैलेस के पास उनके आगे चल रहा 22 चक्का ट्रक संख्या पीबी 03 एपी 2729 के चालक ने बिना साइड देखे अचानक चौधरी ट्रांसपोर्ट कंपनी की तरफ ट्रक मोड़ दिया। इससे स्कूटी सवार रत्तूराम ने संतुलन खो दिया और दोनों सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को चौधरी ट्रांसपोर्ट कंपनी, मंडी पीलीबंगा में खड़ा कर वहां से चला गया। राहगीरों ने घायल रत्तूराम व रुक्की देवी को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पीलीबंगा पहुंचाया।
घटना की सूचना रुक्की देवी ने फोन पर अपने बेटे राकेश कुमार को दी, जिसके बाद वह पीलीबंगा पहुंचा। रिपोर्ट के आधार पर पीलीबंगा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। मामले की अनुसंधान जिम्मेदारी हेड कांस्टेबल भीम सिंह को सौंपी गई है। पुलिस की ओर से अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। Hanumangarh News