शिक्षा और रोजगार
Tiranga Yatra: 500 फीट लंबे तिरंगे के साथ हांसी में निकाली तिरंगा यात्रा
हांसी में शान से लहराया 500 फीट लंबा तिरंगा
हांसी (सच कहूँ/मुकेश)। Hansi News: स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को हांसी में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से शुरू हुई यात्रा जिला सचिवालय पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में हांसी के विधायक विनोद भयाना, डीसी राहुल नरवाल, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा नेता तथा विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी शामिल हुए। यात्रा का मुख्य आकर्षण 500 फीट लंबा तिरंगा रहा। विद्यार्थी और अन्य लोग इसे लेकर यात्रा में शामिल हुए। रेस्ट हाउस से जिला सचिवालय तक विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर राष्ट्र की एकता और अखंडता का संदेश दिया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर ह्यवंदे मातरमह्ण और ह्यभारत माता की जयह्ण के नारे लगाए।
तिरंगा देश की आन, बान और शान: विनोद भयाना
इस अवसर पर विधायक विनोद भयाना ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर शहीदों के बलिदान की याद दिलाता है, जिनके कारण आज देशवासी आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं। उन्होंने युवाओं से देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। तिरंगा यात्रा में शामिल विद्यार्थियों ने कहा कि हाथ में तिरंगा लेकर चलने और 500 फीट लंबे तिरंगे को देखकर उनमें जोश और गर्व की अनुभूति हुई। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन देश के प्रति प्रेम और सम्मान की भावना को और मजबूत करते हैं।