शिक्षा और रोजगार
अधिवक्ता पर गाली-गलौच, मारपीट व जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप
घटना के विरोध में नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों का हंगामा-प्रदर्शन
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों ने अधिवक्ता पर गाली-गलौच, मारपीट व जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल किये जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा-प्रदर्शन किया है। उन्होंने आरोपी अधिवक्ता के खिलाफ कार्यवाही की मांग को लेकर कोतवाली पुलिस को शिकायती-पत्र सौंपा है। साथ ही, कार्यवाही न होने पर सफाई कार्य ठप करने की चेतावनी दी है।
उत्तर-प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ के स्थानीय शाखा अध्यक्ष दीपक कुमार पाहिवाल व महामंत्री विनोद ने कोतवाली पुलिस को शिकायती-पत्र दिया है। बताया कि गुरुवार प्रातः करीब 11 बजे पालिका के सफाई कर्मचारी नकुल, अक्षय, चन्द्रा, सागर व आशीष कस्बे के मुख्य मार्ग पर स्थित जिला न्यायालय परिसर में सुपरवाइजर अबसार अहमद के पर्यवेक्षण में सफाई कार्य कर रहे थे। इसी दौरान एक अधिवक्ता ने कार्यस्थल पर आकर सफाई कर्मचारियों को अपने चैम्बर की छत की सफाई करने का कहा, जबकि यह कार्य पालिका की सफाई-व्यवस्था के अंतर्गत नहीं आता है। इसके बावजूद, सफाई कर्मचारियों ने थोडे समय बाद उक्त कार्य को करने का आश्वासन दिया।
आरोप है कि इस पर अधिवक्ता आग-बबूला हो गया और गाली-गलौच करते हुए सफाईकर्मियों के साथ में मारपीट करने लगा। आरोपी के द्वारा सफाईकर्मियों के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया। पत्र में गाली-गलौच व मारपीट करने तथा जाति सूचक शब्द कहने के आरोपी अधिवक्ता के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही किये जाने की गुहार लगाई गई है। साथ ही, चेताया है कि ऐसा न होने की दशा में सफाई यूनियन संघ के द्वारा तहसील व न्यायालय परिसर में सफाई कार्य नहीं किया जाएगा, जिसके लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा। शिकायती-पत्र की एक प्रति नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी को भी दी गई है। वहीं, आरोपी अधिवक्ता ने सफाईकर्मियों के द्वारा उनके ऊपर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद व निराधार बताया है।
घटना के बाद सफाईकर्मियों ने पालिका में किया हंगामा-प्रदर्शन
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को जनपद शामली के प्रशासनिक न्यायाधीश के रूप में तैनात उच्च न्यायालय इलाहाबाद के न्यायमूर्ति का जिला न्यायालय परिसर में स्थित विभिन्न न्यायालयों के निरीक्षण पर पहुंचने का कार्यक्रम है, जिसके चलते पालिका के सफाईकर्मियों के द्वारा न्यायालय परिसर में अभियान चलाकर साफ-सफाई की जा रही थी। इसी दौरान अधिवक्ता पर सफाईकर्मियों के साथ में अभद्रता किये जाने के आरोप लगे है। घटना के बाद में सफाईकर्मियों में आक्रोश फैल गया तथा उन्होंने नगरपालिका में पहुंचकर जमकर हंगामा-प्रदर्शन किया। इसके बाद, कोतवाली पहुंचकर आरोपी अधिवक्ता के विरुद्ध कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को शिकायती-पत्र सौंपा। आरोपी अधिवक्ता बार एसोसिएशन कैराना का एक पदाधिकारी बताया गया है।
