शिक्षा और रोजगार
सरसा नागरिक अस्पताल की बड़ी लापरवाही उजागर, शिशु को चींटियों ने काटा, परिजनों ने लगाया आरोप
बच्चे को लेने पहुंची मां ने शरीर और ट्रे में देखीं चींटियां, वीडियो बनाकर किया वायरल
Civil Hospital Sirsa negligence: सरसा, (सच कहूँ न्यूज)। नागरिक अस्पताल की नर्सरी में भर्ती चार दिन के शिशु के शरीर पर चींटियां मिलने का मामला सामने आया है। परिजनों ने नर्सरी में तैनात स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए इसका वीडियो बनाया, जो बाद में वायरल हो गया। परिजनों का कहना है कि बच्चे को सांस लेने में परेशानी और ब्लड इंफेक्शन के चलते नर्सरी में भर्ती कराया गया था। मंगलवार अलसुबह मां बच्चे को दूध पिलाने के लिए नर्सरी पहुंची तो उसके शरीर और बच्चे को रखने वाली ट्रे में चींटियां दिखाई दीं। इसके बाद परिजनों ने बच्चे के शरीर को साफ किया और मामले की शिकायत सीएमओ को देकर जांच व कार्रवाई की मांग की। Sirsa News
7 को हुई थी डिलीवरी, स्वास्थ्य खराब होने पर नर्सरी में भर्ती था बच्चा
जैन स्कूल वाली गली निवासी कवि मोहन ने बताया कि उसकी पत्नी लवजीत की 7 अगस्त को नागरिक अस्पताल में डिलीवरी हुई थी। पत्नी को 9 अगस्त को अस्पताल से छुट्टी मिल गई, लेकिन बच्चे की तबीयत पूरी तरह ठीक नहीं होने के कारण उसे नर्सरी में ही रखा गया। परिजन के अनुसार मंगलवार अलसुबह करीब 2 बजे उसकी पत्नी और सास अस्पताल में थीं। इसी दौरान पत्नी ने फोन कर बताया कि बच्चे के शरीर पर काफी चींटियां लगी हुई हैं। सूचना मिलने पर वह वापस अस्पताल पहुंचा। वहां बच्चे के बेड के आसपास भी चींटियां दिखाई दीं। Sirsa News
नहीं मिला संतोषजनक जवाब फिर बनाया विडियो
कवि मोहन का आरोप है कि जब उन्होंने नर्सरी में मौजूद स्टाफ से बच्चे के शरीर पर चींटियां होने को लेकर पूछताछ की तो उन्हें संतोषजनक जवाब देने के बजाय दबाव बनाया जाने लगा। इसके बाद उन्होंने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। उनका कहना है कि स्टाफ ने गलती स्वीकार करने के बजाय परिजनों पर ही दबाव बनाने का प्रयास किया। बाद में बच्चे के शरीर को साफ किया गया।
मामलें की होगी जांच: सीएमओ
डॉ. पवन कुमार , सीएमओ ने कहा कि नर्सरी में भर्ती शिशु को चींटियों द्वारा काटने का वीडियो सामने आया है। इस संबंध में नर्सरी से जवाब तलब किया गया है। उन्होंने कहा कि अभी तक लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। मामले की जांच करवाई जाएगी और जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। Sirsa News