मेयर भारद्वाज ने कच्चे घरों में रहने वाले 152 जरूरतमंद लाभार्थियों को सौंपे स्वीकृति पत्र
आगामी दिनों में बरनाला वासियों को मिलेंगी बड़ी सौगातें: भारद्वाज
बरनाला (सच कहूँ/जसवीर गहल)। Barnala News: नगर निगम बरनाला की ओर से मेयर हसन भारद्वाज के कुशल नेतृत्व में आयोजित एक समारोह के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहर के कच्चे मकानों में रहने वाले 152 जरूरतमंद लाभार्थियों को पक्के मकानों के निर्माण के लिए स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। समारोह के दौरान लाभार्थियों को संबोधित करते हुए मेयर हसन भारद्वाज ने कहा कि आज 152 ऐसे परिवारों के मामलों को मंजूरी देकर उन्हें स्वीकृति पत्र दिए गए हैं, जो लंबे समय से अपने पक्के घर की आस लगाए बैठे थे। उन्होंने बताया कि ‘आप’ सरकार के कार्यकाल के दौरान अब तक बरनाला शहर में 1,500 से अधिक गरीब और जरूरतमंद परिवारों को अपने पक्के मकान बनाने के लिए वित्तीय सहायता जारी की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर के अथक प्रयासों के चलते ही बरनाला नगर परिषद को नगर निगम का दर्जा प्राप्त हुआ है। इसके बाद शहर की सड़कों, स्ट्रीट लाइटों और सफाई व्यवस्था सहित विभिन्न विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में बरनाला वासियों को और भी बड़ी सौगातें दी जाएंगी। हलका इंचार्ज हरिन्द्र सिंह धालीवाल ने आप सरकार की जनहितैषी नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर के नेतृत्व में बरनाला जिले के सभी गाँवों और शहरी क्षेत्रों में बिना किसी भेदभाव के बड़े स्तर पर विकास कार्य करवाए गए हैं।