सेना प्रमुख जनरल की सीएम सैनी और राज्यपाल से मुलाकात

अग्निवीरों के रोजगार और पूर्व सैनिकों के कल्याण पर किया मंथन

Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। Chandigarh News: भारतीय सेना के 31वें थल सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ ने मंगलवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से मुलाकात की। सेना प्रमुख बनने के बाद दोनों से उनकी यह पहली मुलाकात थी। सीएम सैनी से उनके आवास संत कबीर कुटीर और राज्यपाल से हरियाणा लोक भवन में बैठक हुई। मुख्यमंत्री के साथ बैठक में सिविल-मिलिट्री समन्वय मजबूत करने, क्षेत्रीय व आंतरिक सुरक्षा और युवाओं के सशक्तिकरण पर चर्चा हुई। अग्निवीरों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और पूर्व सैनिकों के पुनर्वास व स्थायी बसाव के लिए नई संभावनाएं तलाशने पर भी जोर दिया गया। आवास परियोजनाओं और आत्मनिर्भरता से जुड़ी पहलों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

सेना-प्रशासन के बेहतर तालमेल पर जोर

प्राकृतिक आपदाओं के दौरान सेना और नागरिक प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और नुकसान कम करने के उपायों पर भी चर्चा हुई। आॅपरेशनल तैयारियों से जुड़े मुद्दे भी बैठक में शामिल रहे। जनरल धीरज सेठ ने पूर्व सैनिकों के कल्याण में राज्य सरकार के सहयोग के लिए आभार जताया।

सेना के खिलाड़ियों की तारीफ की

राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से मुलाकात में भी सुरक्षा, अग्निवीर रोजगार, पूर्व सैनिक कल्याण, हाउसिंग प्रोजेक्ट, आत्मनिर्भरता और आपदा प्रबंधन जैसे मुद्दे उठे। राज्य से जुड़े सेना के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की गई। सेना प्रमुख ने राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्र-निर्माण के प्रति सेना की प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक के अंत में स्मृति चिह्नों का आदान-प्रदान हुआ।

Chandigarh News (2)

About The Author

Related Posts