Sawan Shivratri: महादेव के जयकारों से गूंज उठे शिवालय, उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

श्रावण मास की शिवरात्रि पर श्रद्धालुओं ने किया भगवान शिव का जलाभिषेक, विशेष पूजा-अर्चना कर मांगी गई मन्नतें

Published On

कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। शिवरात्रि का पर्व नगर एवं क्षेत्र में श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कस्बे के प्राचीन सिद्धपीठ बाबा बनखंडी महादेव मंदिर समेत विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना करके परिवार में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

मंगलवार को श्रावण मास की शिवरात्रि के पर्व के अवसर पर नगर में स्थित प्राचीन सिद्धपीठ बाबा बनखंडी महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। जहां पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ विशेष पूजा-अर्चना की तथा भगवान शिव का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने परिवार में सुख, शांति एवं समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में लगे मेले में भी श्रद्धालुओं ने जमकर खरीदारी की। दूसरी ओर, देहात क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में भी शिवभक्त कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं ने पहुंचकर जलाभिषेक किया। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार व किलागेट चौकी प्रभारी एसआई राजकुमार बघेल सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिसबल के साथ में मुस्तैद नजर आए।

Kairana News (2)

आस्था की डगर पर दिनभर दौड़ते रहे डाक कांवड़िये

मंगलवार को भी नेशनल हाइवे-709एड़ी पर शिवभक्त डाक कांवड़ियों का रैला उमड़ा। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर आने वाले शिवभक्त डाक कांवड़ियों में शिवरात्रि पर जलाभिषेक करने हेतु पहुंचने की होड़ लगी रही। इस दौरान डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए अपने गंतव्यों की ओर कदम बढ़ाते नजर आए। हालांकि, शाम होते-होते कांविड़यों की संख्या धीरे-धीरे कम होती चली गई। वहीं, सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस-प्रशासन अलर्ट रहा।

बनखंडी महादेव मंदिर में पहुंचे एसपी व एसडीएम, परखी व्यवस्था

शिवरात्रि के पावन पर्व पर कस्बे के प्राचीन सिद्धपीठ बाबा बनखंडी महादेव मंदिर को पुष्प-मालाओं और रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया था। मंगलवार को एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह मंदिर परिसर में पहुंचे। जहां पर उन्होंने मंदिर समिति एवं स्थानीय पुलिस-प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही, अधीनस्थ अधिकारियों को सुरक्षा-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। इस दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार भी मौजूद रहे।

इसके अलावा, एसडीएम कैराना शिवाजी यादव ने भी प्राचीन सिद्धपीठ बाबा बनखंडी महादेव मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करके मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. शैलेंद्र चौरसिया के नेतृत्व में डॉ. रोशी रजत व डॉली आदि चिकित्सकों की टीम ने मंदिर परिसर में शिविर आयोजित करके हरिद्वार से गंगाजल लेकर पहुंचे शिवभक्त कांवड़ियों का नि:शुल्क उपचार किया। मंदिर कमेटी की ओर से मोतियों की माला पहनाकर चिकित्सकों की टीम का अभिनंदन किया गया। उधर, नगरपालिका प्रशासन की ओर से भी विशेष अभियान चलाकर मंदिर परिसर की साफ-सफाई की गई थी।

सड़क पर गिरकर घायल हुए तीन डाक कांवड़िए 

मंगलवार दोपहर डाक कांवड़ लेकर जा रहे तीन कांवड़िए घायल हो गए। ये हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर पानीपत की ओर जा रहे थे, तभी कांवड़ मार्ग पर अचानक गिर पड़े। घायल कांवड़ियों को उपचार के लिए कैराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां पर प्राथमिक उपचार के पश्चात उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। घायलों की पहचान सुमित, अंकुश व अजय के रूप में हुई है। तीनों कांवड़िए हरियाणा के पानीपत जिले के निवासी बताए गए है। 

Kairana News (1)

About The Author

Related Posts