लापरवाही और अनुशासनहीनता पर गिरी गाज, गाजियाबाद में दो दरोगा निलंबित

पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ के निर्देश पर हुई कार्रवाई, विभागीय जांच शुरू

Published On

गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। Ghaziabad News: कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोपों के चलते गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस ने नगर क्षेत्र और इंदिरापुरम में तैनात दो उपनिरीक्षकों (दरोगाओं) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ के निर्देश पर की गई। पुलिस प्रशासन के अनुसार दोनों अधिकारियों के विरुद्ध कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही के आरोप पाए गए हैं। मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने तथा विभागीय अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से उन्हें निलंबित किया गया है।

क्यूआरटी नगर जोन के उपनिरीक्षक निलंबित

पहले प्रकरण में उपनिरीक्षक अतुल कुमार राठौर (पीएनओ-231057095), जो क्यूआरटी नगर जोन, कमिश्नरेट गाजियाबाद में तैनात थे, उनके विरुद्ध ड्यूटी के दौरान लापरवाही के गंभीर आरोप सामने आए। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

नीति खंड चौकी प्रभारी पर भी कार्रवाई

दूसरे प्रकरण में उपनिरीक्षक पूरण सिंह (पीएनओ-202291927), जो चौकी प्रभारी नीति खंड, थाना इंदिरापुरम के पद पर कार्यरत थे, उनके खिलाफ भी कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही के आरोप पाए गए। उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ ने स्पष्ट कहा कि पुलिस बल में स्वेच्छाचारिता, अकर्मण्यता और किसी भी प्रकार की लापरवाही को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि विभाग में जवाबदेही और अनुशासन बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम लगातार उठाए जा रहे हैं। कमिश्नरेट पुलिस ने नागरिकों को आश्वस्त किया है कि पुलिस व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और प्रभावी कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि आम जनता को बेहतर सुरक्षा और भरोसेमंद पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सके।

Ghaziabad News (2)

About The Author

Related Posts