शिक्षा और रोजगार
Chamoli Tunnel Accident: निर्माणाधीन रेलवे टनल में पानी-मलबा घुसने से 7 मजदूरों की मौत, 14 घायल
चमोली के पीपलकोटी रेलवे टनल हादसा
चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में पीपलकोटी के पास निर्माणाधीन रेलवे टनल में गुरुवार शाम अचानक पानी और मलबा घुसने से बड़ा हादसा हो गया। घटना के बाद टनल के भीतर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई श्रमिक घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद जिला प्रशासन, पुलिस और आपदा राहत दलों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। गोपेश्वर जिला चिकित्सालय में 14 घायलों को भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। Chamoli News
प्रशासन के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे निर्माण कार्य के दौरान टनल के भीतर अचानक बड़ी मात्रा में पानी और मलबा पहुंच गया। तेज बहाव के कारण वहां काम कर रहे कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त करीब 20 से 25 श्रमिक टनल के अंदर मौजूद थे। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दलों को मौके पर भेजा गया।
14 घायलों का अस्पताल में उपचार
हादसे में घायल श्रमिकों को तत्काल बाहर निकालकर गोपेश्वर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में भर्ती घायलों में सुनील दीवान, हाबिल गुडिया, निस्तर भिगंरा, विनोद रावना, दीना बेगरा, खेला राम बिसरा, छबेग सिंह, तिलक राज, चन्दन कुमार, अवधेश, नन्दलाल, रोहित पाण्डे, पेन सिंह और गोविंद शामिल हैं। प्रशासन की ओर से घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए राहत अभियान में कई एजेंसियों को लगाया गया है। भारतीय सेना की मानवीय सहायता एवं आपदा राहत तथा मेडिकल टीमें जोशीमठ से घटनास्थल पर पहुंचीं। इनके साथ आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें भी बचाव कार्य में जुटी हैं। टीमें टनल के अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं। Chamoli News
मुख्यमंत्री धामी करेंगे घटनास्थल का निरीक्षण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव अभियान को युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। धामी पीपलकोटी पहुंचकर हादसे वाली टनल का निरीक्षण करेंगे और बचाव अभियान की प्रगति की जानकारी लेंगे। इसके बाद वह गोपेश्वर जिला अस्पताल जाकर घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उपचार व्यवस्था का जायजा भी लेंगे।
स्थानीय विधायक लखपत बुटोला ने घटना को बेहद पीड़ादायक बताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की टीम और उनके सहयोगी मौके पर पहुंच चुके हैं तथा बचाव अभियान में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल राहत एवं बचाव अभियान जारी है। प्रशासन की प्राथमिकता टनल में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना और घायलों को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराना है। Chamoli News