Farmers News: दो किसान पानी की टंकी पर चढ़े, प्रशासन के खिलाफ जताया रोष

लाइन हटाने और जमीन का दोबारा मूल्यांकन कर उचित मुआवजा देने की मांग

Published On

Farmers News: सरसा, (सच कहूँ न्यूज)। वैदवाला गांव में बिजली टावरों के मुआवजे को लेकर विवाद वीरवार को उस समय बढ़ गया, जब खेत मालिक भूपेंद्र सिंह और दिव्यांग किसान वेद प्रकाश जलघर की पानी की टंकी पर चढ़ गए। दोनों किसानों ने प्रशासन पर समझौते के बावजूद खेतों में बिजली लाइन खींचने का आरोप लगाया। Sirsa News

सूचना मिलने पर पुलिस, ग्रामीण और किसान संगठन मौके पर पहुंचे और किसानों को नीचे उतारने का प्रयास किया। भूपेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि प्रशासन के साथ हुई बैठक में जमीन के मुआवजे का दोबारा मूल्यांकन करवाने और तब तक बिजली लाइन का काम रोकने पर सहमति बनी थी। किसानों का कहना है कि इसके बावजूद पुलिस की मौजूदगी में खेतों में लाइन खींच दी गई। उन्होंने लाइन हटाने और जमीन का दोबारा मूल्यांकन कर उचित मुआवजा देने की मांग की।

दूसरे गांवों के मुकाबले कम मुआवजा मिलने का आरोप

किसानों का आरोप है कि हांडीखेड़ा, कासनखेड़ा और फरवाई गांवों में कलेक्टर रेट का पांच गुना तक मुआवजा दिया गया, जबकि वैदवाला के किसानों को अपेक्षित मुआवजा नहीं मिल रहा। किसानों ने जमीन का दोबारा मूल्यांकन करवाकर उचित मुआवजा तय करने की मांग की है।

महापंचायत से पहले टंकी पर चढ़े किसान

बिजली टावर और मुआवजे के मुद्दे को लेकर सरसा लघु सचिवालय के बाहर धरना चल रहा है। इसी बीच महापंचायत से पहले दोनों किसान जलघर की टंकी पर चढ़ गए। किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी भी मौके पर पहुंचे और प्रशासन से किसानों के साथ जबरदस्ती नहीं करने की अपील की। उन्होंने मांगें नहीं माने जाने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। देर तक पुलिस और प्रशासन किसानों को समझाने में जुटे रहे। Sirsa News

About The Author

Related Posts